
सरायकेला: जिले के टेंटोपोसी के समीप सरायकेला- राजनगर सीमा से होकर गुजरनेवाली कोलाबड़िया पुल के नीचे खरकई नदी से एक युवक का सिर कटा शव बरामद किया गया. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. वहीं युवक की मोटरसाइकिल पुल के ऊपर पाया गया. साथ ही पुल पर खून के धब्बे मिले हैं. उधर सीमा विवाद को लेकर घंटों शव नदी में ही पड़ा रहा. सरायकेला थाना की पुलिस का कहना था कि वह एरिया राजनगर थाने का है जबकि राजनगर पुलिस का कहना था कि वह सरायकेला थाना क्षेत्र का है.

इसके बाद बकायदा सीओ ऑफिस से अमीन को बुलाया गया. इसके बाद अमीन ने बताया कि यह सीमा किसका है, उसके बाद यह साफ हो पाया कि मृतक का जो शव था, वह सरायकेला थाना क्षेत्र का था, जिसके बाद हत्या का मुकदमा सरायकेला थाना में दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गयी. वैसे शव की सूचना मिलते ही डीएसपी हेडक्वार्टर चन्दन कुमार वत्स के साथ सरायकेला और राजनगर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे. फिलहाल पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

युवक के गाड़ी का नंबर JH05 2003 है, जिसके आधार पर यह किसी भुगलु सोरेन के नाम से रजिस्टर्ड बताया जा रहा है. वैसे पुलिस के मुताबिक मृतक बागुन सोय है, जो आदित्यपुर डी रोड का रहने वाला है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुट गई है. बताया जाता है कि आदित्यपुर निवासी बागुन सोय की पत्नी ने पुलिस को जानकारी दी है कि सरायकेला थाना क्षेत्र में वह घर से किसी ओझा-गुणी के पास गया था, जहां से वह नहीं लौटा. घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग पहुंचे और मामले की जांच कराने की मांग करने लगे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया.














