
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां पुलिस ने लूट के मामले का खुलासा करते हुए मामले से जुड़े पांच अपराधकर्मियों को लूट के समान और हथियारों के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है. आपको बता दें कि जिला पुलिस ने बीते 18 नवंबर को कुचाई थाना अंतर्गत चिरुडीह चौक के समीप अन्नपूर्णा फाइनेंस कंपनी के एजेंट से हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था. अपराधियों ने एजेंट से लगभग 76 हजार 2 सौ 47 रुपए लूट लिए थे. पुलिस ने इसको लेकर कुचाई थाना में मामला दर्ज करते हुए अपराधियों की धरपकड़ में जुटी हुई थी. हालांकि पुलिस को अपराधियों के चाईबासा में छिपे होने की सूचना मिल रही थी, लेकिन अपराधी लगातार पुलिस को चकमा देने में सफल हो रहे थे.

इधर गुप्त सूचना मिलने पर सरायकेला एसपी ने एसडीपीओ राकेश रंजन के नेतृत्व में टीम का गठन करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया. पुलिस ने घटना से जुड़े तीन अपराधकर्मियों को चाईबासा के जेवियर चौक के पास से गिरफ्तार करने में सफलता पाई. गिरफ्तार तीनों अपराधियों मोहम्मद तबरेज आलम, मोहम्मद खालिद कुरैशी और शहनवाज हुसैन को घटना में प्रयुक्त पिस्टल और मोटरसाइकिल के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया. वहीं अपराधकर्मियों ने पुलिस के समक्ष अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए घटना से जुड़े दो अन्य अपराध कर्मियों के संबंध में भी जानकारी दी. जिसके बाद पुलिस ने घटना से जुड़े अपराधकर्मियों धर्मवीर प्रधान और हेमंत लकड़ा को कुचाई थाना अंतर्गत तेलायडीह से गिरफ्तार किया. वहीं सरायकेला पुलिस इसे बड़ी कामयाबी के रूप में देख रही है.







