सरायकेला: विधायक प्रतिनिधि सनद कुमार आचार्य ने गुरुवार को उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह से मुलाकात किया. मुलाकात के क्रम में प्रतिनिधि ने उपायुक्त को सरायकेला नगर क्षेत्र की जनता की समस्याओं से अवगत करवाया. उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र की जनता अनियमित पेयजल आपूर्ति की समस्या से जूझ रही है. नगर की नालियों की सफाई नहीं करवाई गई है जबकि बरसात का मौसम शुरू होने वाला है. नालियों की सफाई नहीं होने से थोड़ी सी भी बारिश होने पर नालियों का पानी सड़क पर बहने लग जाता है जिससे जनता को काफी परेशानी होती है.(नीचे भी पढ़े)
कहा कि नगर क्षेत्र की जनता को किसी भी प्रकार का प्रमाणपत्र बनवाना हो चाहे वह जाती प्रमाणपत्र हो या फिर कुछ और,उसके लिए लोगों को महीनों तक कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है. क्षेत्र अंतर्गत शराब की कालाबाजारी भी नगरवासियों के लिए परेशानी का पर्याय बन गया है. श्री आचार्य ने उपायुक्त को समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि नगर क्षेत्र में सबसे अधिक और सबसे भयावह परेशानी का कारण खुलेआम ब्राऊन शूगर की बिक्री का मामला है. धड़ल्ले से ब्राऊन शूगर के बिकने से नगर की युवा पीढ़ी नशे की गर्त में गिरती जा रही है. उन्होंने उपायुक्त से नगर वासियों के हित में उनकी समस्याओं के समाधान करवाने की मांग की है.



