सरायकेला: कलानागरी सरायकेला में ऐतिहासिक रथ मेला का उद्घाटन रविवार को खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने विधिवत फीता काट कर और प्रभु जगन्नाथ, भाई बलभद्र एवं देवी सुभद्रा का पूजा- अर्चना कर किया. इस मौके पर राजा आदित्य प्रताप सिंहदेव, मेला समिति के अध्यक्ष सह नगर पंचायत के निवर्तमान उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, झामुमो नेता गणेश महाली आदि मौजूद रहे. इससे पूर्व मेला कमेटी की ओर से सभी अतिथियों को गाजे- बाजे के साथ मौसीबाड़ी मंदिर लाया गया. (नीचे भी पढ़े)

मालूम हो कि भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र और देवी सुभद्रा के साथ नगर भ्रमण करते हुए गुंडिचा मंदिर मौसीबाड़ी पहुंचे. जहां प्रभु जगन्नाथ 8 दिन तक मौसीबड़ी में रहेंगे उसके बाद नौवें दिन श्री मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे. एक दिन कालूराम चौक पर विश्राम करने के बाद दसवें दिन श्री मंदिर पहुंचेंगे. इस दौरान विभिन्न प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे. वहीं हर साल श्रद्धालुओं की ओर से रथ मेला का आयोजन किया जाता है जो क्षेत्र के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहता है. इस बार 13 दिनों तक मेला चलेगा जिसमें कई प्रकार के मनोरंजन के संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं. (नीचे भी पढ़े)

राजा आदित्य प्रताप सिंहदेव ने बताया कि प्राचीन काल से सरायकेला में रथ उत्सव का आयोजन किया जा रहा है जिसमें आसपास के हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. यहां ओड़िशा के पुरी के तर्ज पर रथ यात्रा और मेला का आयोजन किया जाता है जो अपने आप में अद्भुत है. यह आस्था के साथ-साथ भाईचारगी का संदेश भी देता है. उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने प्रभु जगन्नाथ से क्षेत्र के शांति- सुख एवं समृद्धि की कामना की एवं क्षेत्र के लोगों को रथ महोत्सव की शुभकामनाएं दी. वहीं मेला समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने लोगों से सपरिवार मेले में पहुंचने एवं मेले में उपलब्ध संसाधनों का लाभ लेने की अपील की. बता दें कि मेला में बच्चे- बुजुर्ग, महिला- पुरुष एवं युवाओं के लिए मनोरंजन के संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं.




