सरायकेला : सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के आवास पर प्राचीन घट यात्रा के साथ चड़क पूजा की शुरुआत हुई. इस दौरान गोरिया भार घट लेकर भोक्ता पधारे. इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि हमारी घटपाट परंपरा और चड़क पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भैरव साधना के माध्यम से आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग है. यह परंपरा श्रद्धा, तप और अनुशासन का अद्भुत उदाहरण है, जो हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखती है. उन्होंने कहा कि तेरह दिनों तक तेरह भोक्ताओं द्वारा पूर्ण समर्पण और पवित्रता के साथ संपन्न होने वाले ये अनुष्ठान हमारी आस्था की गहराई को दर्शाते हैं.

झर-झर झंडा इस पावन अनुष्ठान का प्रमुख प्रतीक है, और विधि-विधान से पूजन कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति एवं अच्छी वर्षा की कामना की गई. उन्होंने यह भी बताया कि कल भोक्ताओं का पुनः आगमन निर्धारित है, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. अंत में उन्होंने कहा कि सरायकेला का चैत्र पर्व छऊ नृत्य और इन दिव्य अनुष्ठानों के समन्वय से एक अद्वितीय सांस्कृतिक पहचान प्रस्तुत करता है, जो हमारी परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है.













