
सरायकेला : शनिवार को सीनी में बड़ा हादसा हुआ है. जहां रेलवे क्वार्टर काम के दौरान चार मजदूर दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए. उधर घंटों 108 एंबुलेंस के इंतजार में घायल तड़पते रहे. मामले की सूचना मिलते ही खरसावां के पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय की पहल पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सभी घायलों को सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जमशेदपुर रेफर कर दिया. इधर मामले की सूचना पर सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचे पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय ने झारखंड सरकार के 108 एंबुलेंस सेवा को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सरकार पर निशाना साधा. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में यही फर्क है. समय पर यदि घायलों को एंबुलेंस सेवा मिल जाती तो उनकी स्थिति नाजुक नहीं होती. उनके साथ देवराज सारंगी एवं मनोहर महतो भी मौजूद रहे. सभी ने निजी खर्चे पर घायलों को एमजीएम अस्पताल भिजवाया. घायलों में बुधन सिंह गागराई (35), संगी बोदरा (35) विशेन बोदरा (35) एवं कृष्ण बोदरा (25) शामिल हैं. बताया जा रहा है कि घटना के बाद मुंशी मौके से फरार हो गया, जबकि इतनी बड़ी घटना के बाद रेलवे के किसी भी अधिकारियों ने इसकी सुध नहीं ली. बताया जा रहा है कि रेलवे का काम चल रहा था. जिसमें सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया. इसी वजह से यह हादसा हुआ है.











