चांडिल : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल-मुरी रेल ट्रैक पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना झिमड़ी और हॉसालोंग स्टेशन के बीच करारगामा गांव के पास रेलवे अंडरपास के समीप हुई. हादसे के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के हाइतिरूल गांव निवासी चैतन सिंह मुंडा उर्फ गुजरु के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था. उसकी मां विधवा हैं. चैतन बाहर रहकर मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले ही घर लौटा था. घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने रेलवे पुलिस और नीमडीह थाना को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक किस ट्रेन की चपेट में आया और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ. पुलिस घटनास्थल की जांच करने के साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है. फिलहाल युवक की मौत की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो सकी हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है. चैतन की मौत की खबर जैसे ही हाइतिरूल गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है.







