
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना अंतर्गत कांड्रा- सीनी रेलखंड के समीप एक युवक का शव पेड़ पर झूलता पाया गया. वहीं शव की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. वहीं शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस अंधेरा होने और बारिश के कारण शव को पेड़ से नीचे नहीं उतारा जा सका है. आपको बता दें कि कांड्रा थाना अंतर्गत कांड्रा सीनी रेलखंड पर कांड्रा रेलवे स्टेशन से लगभग 3 किलोमीटर की दूरी पर इलेक्ट्रिक पोल संख्या 321/22 के समीप रेलवे ट्रैक से महज 5 मीटर की दूरी पर एक पलाश पेड़ से अज्ञात युवक की लटकती लाश बरामद हुई है. शव को देखकर यह अंदाजा लगाना सहज था कि, युवक की मौत चार-पांच दिन पूर्व हुई होगी. बताया जा रहा है कि शव बुरी तरह से खराब हो चुका था और उससे काफी बदबू आ रही थी. मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के आसपास बताई जा रही है, और वह पैंट- शर्ट पहने हुए था. वहीं पेड़ के नीचे टिफिन बॉक्स गिरा हुआ था जिससे यह कयास लगाया जा रहा है कि, मृतक किसी कंपनी में काम करता था. वैसे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. वैसे इसे क्या कहा जा सकता है कि चार-पांच दिन से मृतक का शव रेलवे ट्रैक के बिल्कुल नजदीक पेड़ पर लटका हुआ था, बावजूद इसके रेलवे प्रशासन को इसकी जानकारी तक नहीं मिली. सूत्रों के अनुसार कांड्रा आरपीएफ चौकी प्रभारी को गुरुवार सुबह इसकी सूचना दी गई थी. बावजूद इसके दिनभर घटनास्थल की शिनाख्त नहीं हो पाई. वहीं देर शाम घटनास्थल की पहचान हुई तब जाकर स्थानीय पुलिस और आरपीएफ के जवान वहां पैदल पहुंचे. बताया जा रहा है कि घटनास्थल तक जाने के लिए कोई पहुंच पथ नहीं होने और बारिश तथा अंधेरा होने के कारण शव को उतारा नहीं जा सका. स्थानीय पुलिस के अनुसार पिछले एक सप्ताह में गुमशुदगी की भी कोई रिपोर्ट थाने में दर्ज नहीं है. वैसे समाचार लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है. वहीं कांड्रा थाना पुलिस जांच में जुटी है.






