सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना प्रभारी रीतेश कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र के बिरसा चौक, शहीद चौक आदि स्थानों पर शनिवार को एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया. इस दौरान पुलिस कर्मियों ने वाहनों को रोककर डिक्की, बैग, थैले आदि के साथ ही चालकों के हेलमेट, लाइसेंस आदि की भी जांच की. आगामी मकर संक्रांति के मद्देनजर पुलिस क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग चला रही है. इस दौरान पुलिस कर्मियों ने लोगों को बिना लाइसेंस, कागजात या हेलमेट के बाइक नहीं चलाने को लेकर जागरूक भी किया. (नीचे भी पढ़ें)
थाना प्रभारी रीतेश कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देश पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि इस दौरान किसी भी सूरत में क्षेत्र में क्राइम रोका जायेगा. उन्होंने बताया कि वाहनों की डिक्की आदि की तलाशी ली गई है. इस क्षेत्र में 15 जनवरी से मकर मेलों का आयोजन शुरू हो जाता है. इसके मद्देनजर क्षेत्र में कोई आपराधिक घटना न हो इसके लिए पहले से ही लगातार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि सड़कों दुर्घटनाओं की लगातार मिल रही खबरों को देखते हुए बाइक चालकों एवं सवारियों को भी हेलमेट पहनकर बाइक चलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है. थाना प्रभारी ने लोगों को शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की भी हिदायत दी.




