जमशेदपुर: विद्या विकास समिति, झारखंड के योजना के तहत सरस्वती शिशु विद्या मंदिर,बागबेड़ा में संकुल स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता एवं संस्कृति महोत्सव का आयोजन किया गया. इसमें बागबेड़ा संकुल के विभिन्न विद्यालयों से आए हुए 250 भैया बहन अपने विषय के संरक्षक आचार्य तथा प्रधानाचार्य के साथ आए थे. इस प्रतियोगिता में शिशु,बाल एवं किशोर वर्ग के भैया- बहन शामिल हुए. (नीचे भी पढ़े)

मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सह संकुल प्रमुख रंजय कुमार राय ने भैया बहनों को अपने अपने विद्यालय स्तर पर चुने जाने पर बधाई देते हुए प्रतियोगिता के सामान्य नियमों की जानकारी दी. संकुल संयोजक तथा विद्यालय के अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने ने कहा प्रश्न मंच प्रतियोगिताओं के आयोजन से बच्चों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित होती है. उन्होंने भैया -बहनों के सफलता की शुभकामनाएं दी. (नीचे भी पढ़े)

व्यवस्था संबंधी जानकारी आचार्य कैलाश महतो ने दी. प्रश्नमंच की यह प्रतियोगिता शिशु,बाल तथा किशोर वर्ग में संस्कृत,विज्ञान, संगणक, अंग्रेजी, वैदिक गणित तथा संस्कृति बोध परियोजना के लिए आयोजित हुई थी जिसमें सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बागबेड़ा प्रथम, प्रगति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर द्वितीय तथा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर शास्त्रीनगर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ. प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को मंच पर मेडल पहनाकर पुरस्कृत भी किया गया. विदित हो कि कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के साथ हुआ.











