जमशेदपुर : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफजेसीसीआइ) एवं सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एससीसीआइ) के संयुक्त तत्वावधान में 1 अगस्त को जमशेदपुर स्थित सिंहभूम चैंबर भवन में “झारखंड में अवसर एवं चुनौतियां : सतत एवं प्रतिस्पर्धी विकास पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण की दिशा में” विषय पर राज्य स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा. इस संगोष्ठी की विशेषता यह होगी कि झारखंड के सभी चैंबर ऑफ कॉमर्स पहली बार एक साथ एक मंच पर बैठकर राज्य के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे. संगोष्ठी में औद्योगिक नीति, आर्थिक विकास में पर्यटन की भूमिका, झारखंड में अवसर एवं चुनौतियां तथा नीति निर्माण में चैंबर की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी. सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष मानव केड़िया ने कहा कि यह संगोष्ठी झारखंड के उद्योग, व्यापार एवं निवेश को नई दिशा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल होगी. (नीचे भी पढ़ें)
विभिन्न चैंबरों के सुझावों एवं अनुभवों के आधार पर तैयार होने वाले सुझाव राज्य सरकार के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे उद्योग एवं व्यापार के लिए अधिक अनुकूल वातावरण तैयार किया जा सके. सिंहभूम चैंबर के मानद महासचिव पुनीत कावंटिया ने बताया कि इस आयोजन में राज्य के सभी प्रमुख चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि भाग लेंगे. उन्होंने सभी सहभागी चैंबरों से सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह संगोष्ठी झारखंड के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए एक प्रभावी मंच सिद्ध होगी.




