जमशेदपुर : टाटा स्टील के कृषि उपकरण क्षेत्र के सबसे पुराने ब्रांड टाटा एग्रिको को उसकी कृषि उपकरण श्रृंखला के लिए प्रतिष्ठित ग्रीनप्रो प्रमाणन प्रदान किया गया है. इसके साथ ही, टाटा एग्रिको भारतीय कृषि क्षेत्र में यह सम्मान प्राप्त करने वाला पहला ब्रांड बन गया है. भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआइआइ) के ग्रीन प्रोडक्ट्स एंड सर्विसेज काउंसिल द्वारा प्रदान किया गया ग्रीनप्रो प्रमाणन, टाटा एग्रिको की सस्टेनेबल और पर्यावरण अनुकूल कृषि उपकरण उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को मान्यता देता है. यह प्रमाणन चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम में टाटा स्टील को प्रदान किया गया, जिसमें उद्योग जगत के लीडर्स, सस्टेनेबिलिटी विशेषज्ञ और सीआइआइ के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे. टाटा स्टील जे वाइस प्रेसिडेंट टीक्यूएम ग्रुप स्ट्रेटेजिक प्रोक्योरमेंट एवं सप्लाई चेन पीयूष गुप्ता ने कहा कि टाटा एग्रिको के लिए सीआईआई का ग्रीनप्रो प्रमाणन प्राप्त करना हमारे लिए गर्व की बात है.(नीचे भी पढ़े)
यह हमारे उस संकल्प का प्रमाण है जिसके तहत हम उच्च गुणवत्ता वाले कृषि उपकरण उपलब्ध कराते हैं, जो सतत कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देते हैं और कार्बन फुटप्रिंट को कम करते हैं. भारत जैसी कृषि प्रधान अर्थव्यवस्था में इस तरह की पहल जिम्मेदार पर्यावरणीय विकल्प अपनाने की संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ देश की सतत कृषि की दिशा में यात्रा को मजबूत करती है. ग्रीनप्रो प्रमाणन एक टाइप-I इको-लेबल है, जो ग्राहकों को ऐसे उत्पाद चुनने में मदद करता है जो कठोर पर्यावरणीय प्रदर्शन मानकों पर खरे उतरते हैं. इस कार्यक्रम के तहत प्रमाणित उत्पादों का कठोर मूल्यांकन किया जाता है, जिसमें रॉ मटेरियल की प्राप्ति, निर्माण प्रक्रियाएँ, उत्पाद का प्रदर्शन, रीसाइक्लिंग क्षमता और समग्र पर्यावरणीय प्रभाव जैसे पहलुओं को शामिल किया जाता है. यह प्रमाणन उत्पाद नवाचार के साथ सस्टेनेबिलिटी को जोड़कर कृषि उपकरण उद्योग में टाटा एग्रिको की नेतृत्वकारी स्थिति को और मजबूत करेगा। अब पूरे भारत के किसान और कृषि उपकरण वेंडर ऐसे औजारों का लाभ उठा सकेंगे जो न केवल टिकाऊ हैं बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी हैं, जिससे देश की सतत कृषि की दिशा में प्रगति को बढ़ावा मिलेगा. टाटा एग्रिको, टाटा स्टील का सबसे पुराना ब्रांड है, जिसे 1925 में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के उद्देश्य से लॉन्च किया गया था. तब से ही टाटा एग्रिको उच्च गुणवत्ता वाले कृषि उपकरणों का अग्रदूत रहा है और कृषि एवं अवसंरचना क्षेत्रों के लिए सभी प्रकार के हाथ से संचालित किए जाने वाले उपकरणों का प्रमुख निर्माता है. आज टाटा एग्रिको बागवानी उपकरण, फाइल्स, सामान्य उपयोग के हैंड टूल्स, वेल्डिंग इलेक्ट्रोड, कटिंग व्हील्स और ग्राइंडिंग व्हील्स जैसे विविध उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध कराता है.











