
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स की अधीकृत यूनियन टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते को जमशेदपुर के बिरसानगर थाना की पुलिस ने पीआर बांड पर छोड़ दिया. पुलिस की ओर से उनसे कई घंटे तक पूछताछ की गयी, जिसके बाद उनको पीआर बांड पर छोड़ दिया गया. बताया जाता है कि गुरमीत सिंह तोते को कहा गया है कि वे पुलिस का सहयोग करते रहे और जब पुलिस को जरूरत होगी तो उनको बुलाया जायेगा. इस दौरान सिख समुदाय के लोग भी थाना पर जुट गये थे. एसएसपी प्रभात कुमार से भी लोगों ने बातचीत की और एक अपराधी की बात पर टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष को इस तरह हिरासत में लेने का विरोध किया. इसके बाद उनको पीआर बांड पर रिहा कर दिया गया. गौरतलब है कि बिरसानगर पुलिस ने गुरमीत सिंह तोते को बिरसानगर में हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किया था. पुलिस का कहना था कि इस मामले में गिरफ्तार मंगल सिंह ने बताया था कि रवि मराठा ने उसे हथियार दिया है. पूछताछ में ही गुरमीत सिंह तोते का नाम भी सामने आया था. इसी पर पुलिस ने उन्हें उठाया था. इसके बाद सिख समुदाय में नाराजगी देखी गयी थी. (नीचे देखे पूरी खबर)

पुलिस का सहयोग करेंगे, साजिश रची गयी थी : तोते
पुलिस हिरासत से रिहा किये गये टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते ने कहा कि पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे. हमको साजिश के तहत फंसाया गया था. पुलिस ने जो पूछा, उसका जवाब हमने दे दिया है. इस तरह के मामले से मेरा कोई लेना देना ही नहीं है. सिर्फ बेवजह की बातों को लेकर फंसाया जा रहा है. छवि खराब करने की भी कोशिश की है. पुलिस ने हमारे साथ बेहतर बर्ताव किया है. भविष्य में पुलिस कहेगी तो हम हर संभव सहयोग करने को तैयार है.





