
जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है. टाटा स्टील के गैर वर्क्स (नन वर्क्स एरिया) में काम करने वाले कर्मचारियों के प्रोमोशन का रास्ता खुल गया है. अब तक वहां के कर्मचारी एक ब्लॉक से दूसरे ब्लॉक में प्रोमोशन नहीं ले पाते थे क्योंकि अब तक कर्मचारियों के प्रोमोशन के लिए न्यूनतम क्या योग्यता होगी, यह तय नहीं हो पाया था. गुरुवार को टाटा स्टील के चीफ एचआर दीपा वर्मा, हेड एचआरएम अभय नायक, हेड एचआर रिसाद के साथ टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय और महामंत्री सतीश सिंह के बीच हुई बैठक में टाटा स्टील के नन वर्क्स यानी कंपनी में गैर स्टील निर्माण के काम करने वाले विभागों के कर्मचारियों के प्रोमोशन की नीति तय करने को लेकर फैसला लिया गया. इसके तहत यह तय किया गया कि जो भी स्नातक (ग्रेजुएट) कर्मचारी होगा, वह कर्मचारियों के ग्रेड के ब्लॉक-2 से ब्लॉक-3 में प्रोमोशन पा सकेंगे. वैकेंसी के अनुसार, सभी का प्रोमोशन होगा. इंटरव्यू के आधार पर सारे स्नातक कर्मचारियों को प्रोमोशन मिलेगा. अब तक ऐसा नहीं हो पाता था. अगर ब्लॉक 2 में कोई कर्मचारी प्रोमोशन लायक नहीं है तो फिर ब्लॉक 1 के स्नातक वाले कर्मचारी भी ब्लॉक तीन में प्रोमोशन पा सकते है. इससे कर्मचारियों को काफी लाभ होगा. करीब 2500 कर्मचारी नन वर्क्स के विभागों में काम करते है. जिन विभागों में यह प्रोमोशन की नयी नीति लागू होगी, उसमें सिक्यूरिटी, फायर ब्रिगेड, आरएंडडी विभाग, जेनरल ऑफिस के कई विभाग, सेफ्टी से जुड़े कर्मचारी समेत कई विबागों के कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा. इसको तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है. गुरुवार को हुई ऑनलाइन बैठक में सहमति बन गयी. अब इसकी कॉपी हस्ताक्षर के लिए भेजा जायेगा, जिसके बाद हस्ताक्षर होने के बाद तत्काल प्रभाव से नयी प्रोमोशन पॉलिसी को लागू कर दी जायेगी.
क्या है प्रोमोशन की नयी नीति :
टाटा स्टील में नन वर्क्स के कई विभाग है, जहां एक ब्लॉक से दूसरे ब्लॉक में कर्मचारियों को ज्यादा लाभ नहीं मिल पाता था. इसको देखते हुए यह मीटिंग हुई, जिसमें नयी नीति तय की गयी कि स्नातक उत्तीर्ण कर्मचारी ब्लॉक 2 से ब्लॉक 3 के कर्मचारी बन सकेंगे.
कंपनी में क्या है कर्मचारियों का ब्लॉक, एक नजर में :
ब्लॉक-1 में-एनएस (न्यू सीरीज)1, एनएस 2, एनएस 3, स्टील वेज के आर-1 से लेकर आर-9 ग्रेड तक के कर्मचारी है.
ब्लॉक-2 में-एनएस-4, एनएस 5, एनएस 6, स्टील वेज से आर-10 से लेकर आर-17 तक के कर्मचारी शामिल है.
ब्लॉक-3 में-एनएस-7, एनएस-8, एनएस-9, स्टील वेज के सुपरवाइजर ग्रेड के वी-7 से वी-17 तक के कर्मचारी शामिल है.
ब्लॉक-4 में-एनएस-10, एनएस-11, एनएस-12 के अलावा स्टील वेज के सुपरवाइजर ग्रेड के वी-18 से लेकर वी-20 तक के कर्मचारी शामिल है.




