
जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों के 23 सितंबर 2019 को हुए वेज रिवीजन समझौता के तहत टाटा स्टील के सारे मजदूरों को एरियर की राशि भी मिलेगी. इस समझौता को 14 अक्तूबर 2019 को टाटा स्टील के टिस्को ग्रोथ शॉप में भी लागू किया गया था. टाटा स्टील, टाटा स्टील के ग्रोथ शॉप, ट्यूब डिवीजन, सीआरइ ऑफिस रांची के कर्मचारियों को एरियर की राशि देने का बकायदा सरकुलर जारी कर दिया गया है. टाटा स्टील के चीफ रेवेन्यू एकाउंट एंड इंप्लाइज बेनेफिट पार्थ बासु की ओर से इसका सरकुलर जारी किया गया है, जिसके तहत बताया गया है कि समझौता के तहत कर्मचारियों को 1 जनवरी 2018 से लेकर 30 सितंबर 2019 तक का एरियर की राशि का भुगतान किया जायेगा. 1 फरवरी 2020 तक कर्मचारी जिस रोल पर है, उसी रोल के आधार पर उसी बैंक एकाउंट में राशि चला जायेगा, जहां हर माह वेतन भेजे जाता है. 19 फरवरी 2020 को कर्मचारियों का एरियर का राशि भेज दिया जायेगा. जो कर्माचरी 1 जनवरी 2018 से लेकर 30 सितंबर 2019 तक काम किये है और कंपनी से रिटायर हो चुके है या इएसएस या किसी कारण से कंपनी से अलग हो चुके है, उनको 20 से 25 अप्रैल 2020 तक एकाउंट में पैसा भेजा जायेगा. एरियर की राशि के भुगतान के तहत इनकम टैक्स, टेप्स, पीएप, इनकम टैक्स में मिली छूट समेत अन्य कटौतियों को भी किया जायेगा, जिसके बाद राशि का भुगतान किया जायेगा. सेक्शन 89 (1) के तहत कर्मचारियों द्वारा इनकम टैक्स रिटर्न फाइलिंग के दौरान सैप एचआर पोर्टल पर इसको डाला जा सकता है. वैसे कर्मचारी जो बरखास्त हो चुके है, उनको भी यह राशि सारी कटौती करने के बाद दिया जायेगा. वेज रिवीजन समझौता के तहत करीब साढ़े तेरह हजार कर्मचारियों को एरियर मिलने वाला है, जिसके तहत नये ग्रेड के कर्मचारियों को करीब 3.31 लाख रुपये और पुराने ग्रेड के वर्करों को 6.72 लाख रुपये मिलेंगे. आपको बता दें कि वेज रिवीजन समझौता एक जनवरी 2018 से लेकर 31 दिसंबर 2024 तक के लिए लागू किया गया है. करीब 21 माह का एरियर की राशि मिलेगी.







