
जमशेदपुर : टाटा स्टील के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है. कोरोना काल के दौरान टाटा स्टील के अधिकारियों और कर्मचारियों को मिलने वाले टाटा स्टील इंप्लाइज होलीडे पैकेज को फिर से शुरू कर दिया गया है. इसके तहत अधिकारियों और कर्मचारियों के होलीडे होम (टाटा स्टील द्वारा संचालित गेस्ट हाऊस) की बुकिंग को बंद कर दी गयी थी जबकि पैकेज के सिस्टम को ही बंद कर दिया गया था. अब चूंकि, हर जगह अनलॉक का सिस्टम विकसित हो चुका है और आने जाने की व्यवस्था भी शुरू हो गयी है, इस कारण एक बार फिर से टाटा स्टील द्वारा संचालित गेस्ट हाऊस को चालू कर दिया गया है. 1 दिसंबर 2020 से इसकी शुरुआत की जा रही है. कर्मचारियों के लिए पुरी और गैंगटॉक की बुकिंग भी पोर्टल के माध्यम से शुरू कर दी गयी है. इसकी बुकिंग 1 दिसंबर से शुरू होगी. कर्मचारियों और अधिकारी, जो इस सुविधा का उपभोग करेंगे, वे राज्य सरकारों और कंपनी के गाइडलाइन के मुताबिक ही यात्रा करेंगे या गेस्ट हाऊस में ठहरेंगे. टाटा स्टील के वीपी एचआरएम सुरेश दत्त त्रिपाठी के आदेश से वापस इसकी शुरुआत की गयी है. 19 मई से इसकी बुकिंग और छुट्टी पैकेज को बंद किया गया था.






