जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों को क्वार्टर मिलना भी अब आसान हो जाया करेगा. टाटा स्टील के हाउस एलॉटमेंट कमेटी (एचएसी) की बैठक में नये प्रावधानों को जोड़ने को मंजूरी दी गयी. इसके तहत तय किया गया कि टाटा स्टील के वैसे कर्मचारी जो राष्ट्रीय स्तर के खेलों में भाग लेकर मेडल जीतते है, उनको मनचाहा क्वार्टर का एलॉटमेंट कर दिया जायेगा. वहीं इंटर स्टील चैंपियनशिप जीतने वालों को भी क्वार्टर मिल सकेगा. अब तक सिर्फ अंतरराष्ट्रीय खेलों में मेडल जीतने वालों को ही प्राथमिकता दी जाती थी. अब नया बदलाव कर दिया गया है. गुरुवार को एचएसी की हुई बैठक में यह भी तय किया गया कि अगर कोई भी कर्मचारी किसी साल क्वार्टर के ऑफर को ठुकरा देता है तो उसको एक साल के लिए ब्लॉक कर दिया जायेगा, लेकिन दूसरे साल सिर्फ एक बार नहीं बल्कि तीन बार उसको क्वार्टर लेने का अवसर दिया जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
अब तक यह प्रावधान था कि कोई कर्मचारी अगर क्वार्टर के ऑफर को ठुकरा देता है तो उसको एक साल के लिए नया क्वार्टर लेने के लिए ब्लॉक कर दिया जायेगा और दूसरे साल सिर्फ वह एक बार ही वह क्वार्टर लेने का आवेदन दे सकता था, लेकिन अब इसको बढ़ा दिया गया है. अब कर्मचारी तीन बार अपना आवेदन दे सकता है. एचएसी की बैठक में यह भी बताया गया कि खाली क्वार्टरों की सूची कर्मचारियों के डैशबोर्ड में दिखता रहेगा. एचएसी की हुई बैठक के दौरान 43 क्वार्टर के आवंटन का मुद्दा लाया गया था, जिसमें से 23 मामले को मंजूरी दी गयी जबकि तीन केस एजेंडा के बाहर से फाइनल किये गये. (नीचे पढ़ें पूरी खबर)
इस मीटिंग के दौरान टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने कहा कि कर्मचारियों के लिए नये क्वार्टर बनाये जाये. पुराने क्वार्टर अब आउटडेटेड हो चुके है. लोगों का लीविंग स्टैंडर्ड बढ़ गया है. इसके अलावा लोगों की जरूरतें भी बदल गयी है. इस कारण सौ साल पुराने क्वार्टर की व्यवस्था को बदलनी चाहिए और नये मॉडल के रुप में विकसित किया जाना चाहिए. हाल में टूटे हुए क्वार्टरों की जगह नये फ्लैट या क्वार्टर बनाने का डिमांड भी अध्यक्ष ने रखा. इस मीटिंग में टाटा स्टील की वीपी एचआरएम अतरई सान्याल, जुबिन पालिया, कृपाल सिंह, अभिषेक पांडेय जबकि टाटा वर्कर्स यूनियन की ओर से अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महामंत्री सतीश सिंह, कोषाध्यक्ष हरिशंकर सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे.





