जमशेदपुर : टाटा स्टील फाउंडेशन ने अपने जन स्वास्थ्य पहल के तहत, गम्हरिया में 27 अक्टूबर से 8 नवंबर तक दस दिवसीय मोतियाबिंद जांच और शल्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। यह शिविर शंकर नेत्रालय के साथ तकनीकी साझेदारी और संथाल सरना उमुल, गम्हरिया के साथ सामाजिक साझेदारी में आयोजित किया गया. इस पहल का उद्देश्य वंचित समुदायों को व्यापक नेत्र देखभाल सेवाएं प्रदान करना था, जिसमें जांच से लेकर निः शुल्क मोतियाबिंद सर्जरी तक शामिल थीं, ताकि उनकी दृष्टि बेहतर हो सके और उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार हो सके. शिविर के लिए स्थान खैरवाल समथा जोरहारगढ़ समिति, कालिकापुर द्वारा नि:शुल्क प्रदान किया गया था, जो बेहतर स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने की दिशा में मजबूत सामुदायिक जुड़ाव और सामूहिक प्रयास को दर्शाता है. (नीचे भी पढ़ें)
शिविर शुरू होने से पहले, टाटा स्टील फाउंडेशन की गम्हरिया टीम द्वारा एक पखवाड़े तक व्यापक पेशेंट मोबाइलाइजेशन गतिविधियाँ आयोजित की गईं. जागरूकता फैलाने के लिए सामुदायिक दौरे, गांवों में मोबाइल वैन से भ्रमण और शैक्षणिक संस्थानों में पम्फलेट वितरण जैसे आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए गए। युवा नेतृत्व कार्यक्रम (वाइएलपी) के छात्रों ने बाज़ार, बस स्टॉप और खुले पंडालों जैसे आम सभा स्थलों पर नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किए. टीम ने व्यापक दर्शकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचने के लिए छठ घाट पर होने वाले त्योहारों के दौरान भी लोगों से संपर्क किया. इस शिविर को स्थानीय समुदाय से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली. इस पहल के दौरान कुल 558 व्यक्तियों, जिनमें 306 पुरुष और 252 महिलाएं शामिल थीं, की जांच की गई, जिनमें से 113 व्यक्तियों (54 पुरुष और 59 महिलाएँ) को सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया. जबकि जांच किए गए लोगों में से लगभग 39 प्रतिशत को विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के कारण सर्जरी के लिए अनुपयुक्त पाया गया, अन्य को स्पष्ट दृष्टि बहाल करने में मदद के लिए सामान्य अपवर्तन की सलाह दी गई. (नीचे भी पढ़ें)
मोतियाबिंद सर्जरी 4 से 8 नवंबर तक की गई, जिसके बाद फॉलो अप जाँच और दवाइयां प्रदान की गईं. ग्रामीणों ने विशेष रूप से सुसज्जित, वातानुकूलित मोबाइल ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के माध्यम से प्रदान की गई निः शुल्क सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया. शिविर स्थल पर परिपक्व मोतियाबिंद का उपचार किया गया और कुल 128 चिन्हित लाभार्थियों की सर्जरी नि:शुल्क की गई. सर्जरी के अतिरिक्त, टाटा स्टील फाउंडेशन की टीम नेत्र स्वास्थ्य और नियमित नेत्र जाँच के महत्व पर जागरूकता सत्र आयोजित कर रही है. गम्हरिया ब्लॉक की विभिन्न पंचायतों और पास में स्थित सरायकेला के मरीज़ इस पहल से लाभान्वित होने के लिए बड़ी संख्या में आ रहे हैं.



