जमशेदपुर : जमशेदपुर के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की उपस्थिति में पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन एवं टीएसएफ (टाटा स्टील फाउंडेशन) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिसका उद्देश्य जिले के तीन प्रखंडों – मुसाबनी, डुमरिया और गुड़ाबांधा में ‘एजुकेशन सिग्नेचर प्रोग्राम’ के माध्यम से बच्चों को समतामूलक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है. जिला प्रशासन की ओर से डीएसइ आशीष पांडेय एवं टीएसएफ की ओर से दिव्यहस रे ने एमओयू पर हस्ताक्षर किया. इस साझेदारी के तहत एक सशक्त सार्वजनिक विद्यालय प्रणाली को पुनर्जीवित करते हुए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि बच्चे अपनी पूरी क्षमता के साथ विकास कर सकें. (नीचे भी पढ़े)

जिला प्रशासन एवं टीएसएफ अपने-अपने विशेषज्ञता क्षेत्रों और क्षमताओं का लाभ उठाकर अगले तीन वर्षों में तीनों चयनित प्रखंडों में कार्यक्रम को पूरी तरह लागू करेंगे. इस दौरान “जीरो स्कूल ड्रॉपआउट”, शैक्षणिक उपलब्धियों में सुधार, तथा सशक्त विद्यालय प्रबंधन समितियों (एसएमसीएस) के निर्माण को प्राथमिक लक्ष्य के रूप में रखा गया है. यह एमओयू हस्ताक्षर तिथि से प्रभावी होकर 31 मार्च 2028 तक मान्य रहेगा. इस एमओयू के तहत उक्त तीन प्रखंडों के 37 पंचायत, 224 गांव के 295 स्कूल और 268 आंगनबाड़ी केन्द्रों में ‘एजुकेशन सिग्नेचर प्रोग्राम’ के अंतर्गत शिक्षा के स्तर में बदलाव लाने का प्रयास होगा. इस अवसर पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा तक सभी बच्चों की पहुँच सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है. यह साझेदारी बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक ठोस कदम है.











