जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों का बोनस की राशि पहुंच गयी. इसके साथ ही टाटा स्टील के कुल 25603 कर्मचारियों के बैंक एकाउंट में सुबह ही बोनस की राशि भेज दी गयी. पहले कर्मचारियों के बोनस का स्लिप भेजा गया. इसके बाद कर्मचारियों के बैंक एकाउंट में बोनस की राशि भेज दी गयी. कुल 25603 कर्मचारियों के बीच 315 करोड़ रुपये बोनस के तौर पर भेजा गया. सभी के बैंक एकाउंट में पैसा पहुंचते ही कर्मचारियों और उनके परिवार का चेहरा खिल गया. जमशेदपुर में कुल 11021 कर्मचारियों के बीच 163.85 करोड़ रुपये की राशि भेजी गयी है. इस तरह बाजार में कुल 315 करोड़ रुपये की राशि आ गयी है. बोनस की राशि पर जमशेदपुर ही नहीं बल्कि देश भर के कारोबारियों की नजर होती है क्योंकि इतनी बड़ी राशि शायद ही किसी कंपनी के कर्मचारियों को एक साथ मिलता है. (नीचे भी पढ़ें)

समझौता के तहत कर्मचारियों के बैंक एकाउंट में औसत बोनस 1,48,675 रुपये दिये गये है. वहीं, अधिकतम 4,52,512 रुपये और न्यूनतम 39016 रुपये की राशि दी गयी है. न्यू सीरीज के कर्मचारियों को अधिकतम 1,28,448 रुपये की राशि भेजी गयी है जबकि एनएस ग्रेड का ही न्यूनतम राशि 39016 रुपये दी गयी है. इसका बोनस का समझौता 3 सितंबर को किया गया था. टाटा स्टील के कर्मचारियों को इस बार बेसिक व डीए का 18.67 फीसदी बोनस मिलेगा. यह बोनस अब तक का सबसे अधिक है. टाटा स्टील मैनेजमेंट और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु और उनकी टीम की ओर से किये गये गये हस्ताक्षर के बाद यह राशि मिल गयी है. इस राशि के मिलते ही कर्मचारियों के घरों में खुशियां है और होली दिवाली एक साथ मनायी जा रही है.




