रामगोपाल जेना
चाईबासा : भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी सिंहभूम जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू की अध्यक्षता में आयोजित आवश्यक बैठक में निर्णय लिया गया कि जेपीएससी जेएसएससी परीक्षा को लेकर हुए छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों पर किए गए लाठीचार्ज एवं दर्ज मुकदमों को वापस लेने तथा पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग को लेकर शनिवार 12 सितंबर को उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया जाएगा. कार्यक्रम के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर, चाईबासा, मनोहरपुर, जगन्नाथपुर एवं मझगांव—पांचों विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी चाईबासा सर्किट हाउस के समीप एकत्रित होंगे. यहां से सभी कार्यकर्ता एवं समर्थक जुलूस के रूप में उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर घेराव एवं विरोध-प्रदर्शन करेंगे. जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने कहा कि प्रतियोगिता परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं, धांधली और भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्र लंबे समय से आवाज उठा रहे हैं, लेकिन हेमंत सरकार उनकी जायज मांगों को लगातार अनसुना कर रही है. सरकार से सवाल पूछने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज करना और मुकदमे दर्ज करना लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों और युवाओं की आवाज को दबने नहीं देगी. प्रतियोगिता परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना, दोषियों पर कार्रवाई करना, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेना तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराना सरकार की जिम्मेदारी है. भाजपा ने आरोप लगाया कि भ्रष्ट तंत्र और कुप्रबंधन के कारण राज्य में प्रतियोगिता परीक्षाएं लगातार विवादों में घिर रही हैं. युवाओं को रोजगार देने के बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन वर्षों बाद भी बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार नहीं मिल पाया है. सरकार की नाकामी का खामियाजा झारखंड के छात्र और युवा भुगत रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
जिला भाजपा ने पश्चिमी सिंहभूम के सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं, विशेष रूप से युवाओं और छात्र कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है. साथ ही जिले के सभी छात्र-छात्राओं, युवाओं, अभिभावकों तथा शिक्षा एवं शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े लोगों से भी अपील की गई है कि वे प्रतियोगिता परीक्षाओं में पारदर्शिता, छात्रों के अधिकार और न्याय की मांग को लेकर इस लोकतांत्रिक आंदोलन में शामिल हों. भाजपा ने स्पष्ट किया कि छात्रों की मांगों पर सरकार ने गंभीरता से विचार नहीं किया तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आंदोलन को और तेज करेगी तथा युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली सरकार को जनता के बीच बेनकाब करेगी.




