जमशेदपुर : टाटा स्टील लिमिटेड और टाटा ट्रस्ट्स के बीच एक संयुक्त उद्यम, हॉकी ऐस फाउंडेशन को गुरुवार को उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए हॉकी इंडिया प्रेसिडेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया. टाटा स्टील कलिंगानगर के हॉकी ऐस फाउंडेशन के सीइओ और टाटा स्टील कलिंगानगर के हेड एडमिनिस्ट्रेशन आशीष कुमार ने नई दिल्ली में हॉकी इंडिया के 5वें वार्षिक पुरस्कार 2022 के दौरान यह प्रतिष्ठित पुरस्कार (ट्रॉफी के साथ पांच लाख रुपये) प्राप्त किया. (नीचे भी पढ़े)
इस कार्यक्रम में नेशनल फेडरेशन ने भारत के सर्वश्रेष्ठ हॉकी खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल जगत के पूर्व दिग्गजों का जश्न मनाया. पद्मश्री डॉ दिलीप तिर्की, अध्यक्ष, हॉकी इंडिया, जिन्होंने पुरस्कार समारोह का उद्घाटन किया, ने अतिथियों और हॉकी सितारों का गर्मजोशी से स्वागत किया. हॉकी ऐस फाउंडेशन दो हॉकी अकादमियों का सफलतापूर्वक संचालन कर रहा है – झारखंड के जमशेदपुर में नवल टाटा हॉकी अकादमी और ओडिशा सरकार की मदद से ओडिशा के भुवनेश्वर में स्थापित ओडिशा नवल टाटा हॉकी हाई-परफॉर्मेंस सेंटर का.



