जमशेदपुर : टाटा स्टील कलर्स में ड्यूटी के दौरान हुए एक औद्योगिक हादसे में 29 वर्षीय कर्मचारी सन्त्री चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए. रविवार रात करीब 9 बजे मैकेनिकल विभाग में कार्य के दौरान वह मशीन की चपेट में आ गए, जिससे उनका दाहिना हाथ कट गया. सहकर्मियों ने उन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां ऑपरेशन के बाद उन्हें सीसीयू में भर्ती किया गया है. उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है. बारीडीह निवासी सन्त्री चौधरी पिछले आठ वर्षों से शाम्भवी इंटरप्राइजेज के माध्यम से टाटा स्टील कलर्स में कार्यरत हैं. हादसे की सूचना मिलते ही कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी और ठेका एजेंसी के प्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे, हालांकि कंपनी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

इधर, पीड़ित के परिजनों ने कंपनी से लिखित आश्वासन की मांग की है. सन्त्री के मामा दीपक कुमार का कहना है कि केवल मौखिक आश्वासन पर्याप्त नहीं है. परिवार ने स्थायी नौकरी, इलाज का पूरा खर्च और उचित मुआवजा लिखित रूप में सुनिश्चित करने की मांग की है. फिलहाल कंपनी की ओर से इस संबंध में कोई लिखित घोषणा नहीं की गई है, जिससे परिजनों में नाराजगी बनी हुई है.







