
जमशेदपुर : टाटा स्टील के एलडी वन में काम करने के दौरान महिला कर्मचारी बेबी मंडल (44) की मौत हो गयी. उक्त महिला कर्मचारी की मौत के बाद जांच करने के लिए फैक्ट्री इंस्पेक्टर विनित कुमार खुद मौके पर पहुंचे है और पूरे मामले की जांच कर रहे है. उक्त महिला की मेडिकल हिस्ट्री से लेकर मौका-ए-वारदात में मौजूद उसके साथी कर्मचारियों का बयान भी फैक्ट्री इंस्पेक्टर ने लिया है. मिली जानकारी के अनुसार, बारीडीह निवासी कमल मंडल की 44 वर्षीय बेबी मंडल टाटा स्टील के एलडी वन में ठेका मजदूर के तौर पर काम कर रही थी. वह जुस्को की पेटी कांट्रैक्टर कंपनी दीप इंटरप्राइजेज (दीप ट्रांस्पोर्ट कंपनी) के अधीन उक्त महिला काम कर रही थी. दोपहर करीब 12.30 बजे वह खाना खाने के लिए टिफिन लेने जा रही थी. इसी बीच अचानक से वह बेहोश होकर गिर ग यी. उसको तत्काल घायल हालत में कंपनी प्लांट स्थित मेडिकल सेंटर में ले जाकर जांच की गयी, जहां उसकी हालत पूरी तरह गंभीर थी. उसको तत्काल टीएमएच ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना के बाद परिवार के लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी गयी. इसके बाद तत्काल सूचना पाकर फैक्ट्री इंस्पेक्टर भी मौके पर पहुंचे और तमाम जानकारी हासिल की. परिजनों का कहना है कि गैस रिसाव से उक्त महिला की मौत हुई है. हालांकि, फैक्ट्री इंस्पेक्टर ने गैस रिसाव की बात से इनकार किया है और कहा है कि मौत के कारणों का खुलासा मेडिकल हिस्ट्री और पोस्टमार्टम के बाद ही खुलासा होगा. फैक्ट्री इंस्पेक्टर ने बताया कि उक्त महिला के साथ पांच और लोग काम कर रहे थे. उन सारे लोगों से बातचीत की गयी तो किसी को गैस रिसाव या किसी तरह की कोई ऐसी अनहोनी की जानकारी उन लोगों ने नहीं दी है. वैसे पूरे मामले की जांच की जा रही है. इस घटना के बारे में टाटा स्टील की प्रवक्ता रुना राजीव कुमार ने गैस रिसाव की बात से इनकार किया है. उन्होंने कहा है कि उक्त महिला की मौत हुई है, लेकिन कोई मेडिकल से जुड़ी परेशानियां है. उक्त महिला के परिजनों के साथ कंपनी प्रबंधन पूरी संवेदना रखता है और दुख की घड़ी में उसके साथ खड़ा है. वैसे पूरी घटना की जानकारी ली जा रही है. इस संबंध में कंपनी की ओर से बयान जारी कर बेबी मंडल की मौत की पुष्टि की गयी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मालूम चलेगा. कंपनी के कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन चीफ कुलवीन सूरी ने कहा है कि कंपनी एक जिम्मेदार कॉरपोरेट के रूप में अपने सभी स्टेकहोल्डरों व सुरक्षा, कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है.






