
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला के चाईबासा पुलिस और सीअरपीएफ के जवानों द्वारा इन दिनों नक्सलियों पर नकेल कसने के लिए बृहत पैमाने पर लगातार पोड़ाहाट के जंगलों में सर्च अभियान चला रही है. इसी सर्च अभियान में शनिवार को चाईबासा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी. नक्सलियों के मनसूबों पर पानी फेरने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली. ज्ञात हो कि पुलिस अधीक्षक चाईबासा के गुप्त सूचना मिलने के आधार पर शनिवार को चाईबासा पुलिस एवं सीआरपीएफ-60 बटालियन द्वारा उग्रवादियों के विरूद्ध संयुक्त ऑपरेशन के दौरान गोइलकेरा थाना अन्तर्गत गितीलिपि से मारीदिरी के बीच कच्ची सड़क को सर्च के दौरान सीरिज में लगाये गये 34 केन आइइडी बमों को डिटेक्ट किया गया.

लगभग 150 फीट के एरिया को कभर करते हुए गितीलिपि से मारीदिरी जाने वाले जंगल के कच्चे रास्ते में भिन्न-भिन्न वजन के अलग-अलग कुल 34 आइइडी केन बम सीरिज में कोडेक्स वायर से एक दूसरे से कनेक्ट किये हुए थे. सीरिज में लगे उक्त आइइडी केन बम भाकपा ( माओवादियों ) द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से लगाया गया था परंतु अभियान के दौरान एसओपी के अनुरूप उच्चतम सर्तकता बरतते हुए जिला पुलिस, सीआरपीएफ झारखण्ड जगुआर की बीडीडीएस टीम द्वारा आइइडी बमों को चिन्हित कर लिया गया एवं बीडीडीएस टीग द्वारा सभी आइइडी केन बमों को विधिवत नष्ट कर दिया गया. उल्लेखनीय है कि इस कच्ची सड़क का उपयोग ग्रामीणों द्वारा आवागमन के लिए किया जाता है. अतः इससे ग्रामीणों को भी काफी नुकसान हो सकता था. इस संबंध में भारतीय दंड संहिता, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम एवं सीएलए एक्ट की सुसंगत धाराओं के अधीन गोइलकेरा थाना अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जायेगी.






