जमशेदपुर/चंडीगढ़ : टाटा स्टील पंजाब के लुधियाना में 2600 करोड़ रुपये की लागत से स्क्रैप आधारित स्टील प्लांट स्थापित करने जा रही है. इसके लिए टाटा स्टील को पंजाब की भगवंत मान सरकार ने जमीन का आवंटन हाथों हाथ कर दिया. टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन को जमीन के दस्तावेज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक समारोह में दिया और टाटा समूह का स्वागत किया. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह नाम ने शुक्रवार को टाटा स्टील के लुधियाना में स्थापित होने वाले भूमि का आवंटन पत्र सौंपते हुए कहा कि पंजाब को उनकी सरकार औद्योगिक क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और राज्य में टाटा समूह अपना पहला निवेश करने जा रहा है, जो इस दिशा में एक अहम कदम है. उन्होंने कहा कि टाटा की औद्योगिक समूह द्वारा निवेश राज्य को औद्योगिक विकास के उच्च विकास पथ पर आगे ले जायेगा. टाटा स्टील की यह स्क्रैप आधारित प्लांट लुधियाना के हाईटेक वैली इंडस्ट्रियल पार्क में स्थापित होगा. करीब 115 एकड़ भूमि में यह फैला हुआ है. इस मौके पर टाटा स्टील के एमडी सह ग्लोबल सीइओ टीवी नरेंद्रन ने पंजाब सरकार का आभार जताया और कहा कि उनका यह ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट राज्य में स्थापित करने के लिए किये गये मदद के लिए वे कंपनी की ओर से उनका आभार जताते है. श्री नरेंद्रन ने कहा कि इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस स्थापित करने के लिए पंजाब सबसे बेस्ट स्थान है. स्टील के रिसाइक्लिंग के जरिये कार्बन उत्सर्जन को घटाने की दिशा में भी इससे काफी मदद मिलेगी. स्क्रैप का बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा और स्क्रैप से एक बेहतर स्टील बनाने में हम लोग कामयाब हो सकगेंगे. इस कार्यक्रम में राज्य के कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान, मुख्य सचिव विजय कुमार जनजुआ, प्रधान सचिव इनवेस्टमेंट दिलीप कुमार, पंजाब इनवेस्ट के सीइओ कमल किशोर यादव, स्पेशल प्रिंसिपल सेक्रेटरी सीएम रवि भगत, कुमार अमित के अलावा टाटा स्टील के वीपी फाइनांसियल ऑपरेशन एंड कारपोरेट संजीब नंदन, वीपी कारपोरेट सर्विसेज चाणक्य चौधरी, टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट के एमडी आशीष अनुपम समेत अन्य लोग मौजूद थे.



