जमशेदपुर : नए साल के मौके पर टाटा स्टील के वर्क्स जनरल ऑफिस लॉन में केक कटिंग समारोह का आयोजन किया गया. टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुनु ने संयुक्त रूप से केक काटकर नए साल का स्वागत किया. इस मौके पर टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष आरबीबी सिंह, पीएन सिंह और रघुनाथ पांडेय के अलावा आर रवि प्रसाद भी मौजूद थे. इस मौके पर अपने संबोधन में टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने बताया कि टाटा स्टील वर्ष 2030 तक 40 मिलियन टन की कंपनी बन जाएगी. आने वाले दिनों में इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए कई सारे कदम उठाए जाएंगे. टाटा स्टील सस्ता स्टील बनाने के लिए जानी जाती है. इस वजह से कॉस्ट कटिंग करने की भी जरूरत है ताकि खर्च की कटौती कर बेहतर स्टील बनाया जा सके. इस मौके पर उन्होंने टाटा वर्कर्स यूनियन से सहयोग की भी अपील की. उन्होंने बताया कि आने वाली चुनौतियों को लेकर भी तैयार रहने की जरूरत है क्योंकि 2030 से खनिज को लेकर काफी जद्दोजहद करना होगा. आयरन ओर समेत तमाम खनिज संपदा को हासिल करने के लिए ऑक्शन में जाना होगा. अब तक टाटा स्टील को यह खनिज संपदा आसानी से हासिल हो जाती थी. (नीचे भी पढ़ें)
नए नियम के मुताबिक वर्ष 2030 से टाटा स्टील को भी बिल्डिंग के माध्यम से खनिज संपदा मिलेगी. इस मौके पर टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि टाटा स्टील स्टेक होल्डरों का विशेष ख्याल रखती है. यही वजह है कि कोरोना से महामारी के दौरान स्टील वर्कर को भी फ्रंटलाइन वर्कर मानकर टाटा स्टील ने सारी सुविधाएं प्रदान की है. बेहतरीन मुनाफा होने के कारण बेहतर बोनस देने का रिकॉर्ड भी कंपनी ने बनाया है. उन्होंने इस मौके पर स्मार्ट गोल हासिल करने के लिए सारे कर्मचारियों से अपील की कि कंपनी के उत्तरोत्तर वृद्धि में वे लोग सहायक साबित हो. इस मौके पर उन्होंने कई सारे उदाहरण देकर कर्मचारियों और प्रबंधन के आपसी संबंधों की मजबूती पर भी प्रकाश डाला. इस मौके पर टाटा स्टील के विभिन्न स्तर के अधिकारी मौजूद थे.











