जमशेदपुर : टाटा स्टील ने अपने महत्वाकांक्षी ”वन टाटा स्टील” विजन को धरातल पर उतारने और वैश्विक स्तर पर रणनीतिक एकजुटता को मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने ”वन टाटा स्टील स्ट्रैटेजी एग्जीक्यूटिव काउंसिल” के गठन का फैसला लिया है. यह काउंसिल टाटा स्टील के पूरे एंटरप्राइज को एक साझा रणनीतिक दिशा देगी और भारत, यूके, नीदरलैंड्स व थाईलैंड जैसे वैश्विक कारोबार के बीच समन्वय को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी. कंपनी का मुख्य उद्देश्य अलग-अलग देशों में फैले अपने बिजनेस और ग्लोबल फंक्शंस के बीच तालमेल बैठाना, जवाबदेही तय करना और एक हाई-परफॉर्मेंस कल्चर तैयार करना है. यह नई स्ट्रैटेजी काउंसिल कंपनी के विकास, बदलाव और बिजनेस पोर्टफोलियो के चयन के लिए काम करेगी. इसके तहत एकीकृत वैश्विक रणनीति होगी. भारत, यूके, नीदरलैंड्स और थाईलैंड के कारोबार के लिए एक साझा स्ट्रैटेजिक फ्रेमवर्क तैयार करना, ताकि वैश्विक प्राथमिकताओं के साथ-साथ स्थानीय जरूरतों पर भी काम हो सके. ग्लोबल ओवरसाइट और मैक्रो-एनालिसिस होगा. वैश्विक प्रतिस्पर्धियों की बेंचमार्किंग, स्टील की मांग-आपूर्ति, कच्चे माल की उपलब्धता, ऊर्जा की कीमतें, विनिमय दर और नई तकनीकों पर पैनी नजर रखना है. (नीचे भी पढ़ें)
पूरे एंटरप्राइज स्तर पर एक साझा ”एनुअल बिजनेस प्लान” प्रक्रिया स्थापित किया जायेगा. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उन्नत डिजिटल क्षमताओं के जरिए टाटा स्टील के बिजनेस मॉडल को नया रूप दिया जायेगा. विभिन्न देशों में चल रही सबसे बेहतरीन कार्यप्रणालियों और सफल रणनीतियों को पूरे एंटरप्राइज में साझा यह काउंसिल करेगी. काउंसिल पूरी तरह से फ्लैक्सिबल और सहयोगात्मक मॉडल पर काम करेगी. प्रगति की समीक्षा करने, चुनौतियों को हल करने और भविष्य की प्राथमिकताएं तय करने के लिए काउंसिल हर दो महीने में एक बार बैठक करेगी. टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवई नरेंद्रन (जो काउंसिल के अध्यक्ष होंगे) विशिष्ट क्रॉस-ज्योग्राफी प्रोजेक्ट्स के लिए किसी भी सदस्य या संयोजक को नेतृत्व सौंप सकते हैं. जरूरत पड़ने पर बैठक में अन्य अतिरिक्त सदस्यों को भी आमंत्रित किया जाएगा. स्ट्रैटेजी फंक्शन की यह पहल टाटा स्टील के बड़े पैमाने और ताकतों का पूरा लाभ उठाने में मदद करेगी, जिससे वैश्विक आकांक्षाओं और स्थानीय निष्पादन के बीच बेहतर संतुलन बन सकेगा. इस काउंसिल में एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन चेयरपर्सन होगे जबकि वाइस चेयरपर्सन कंपनी के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सह सीएफओ कौशिक चटर्जी होंगे. संयोजक हेड कापरोरेट स्ट्रैटेजी साक्षी शर्मा होंगे. चीफ कारपोरेट स्ट्रैटेजी व प्लानिंग अनिमेश सिन्हा, नीदरलैंड प्लांट के डायरेक्टर पीटर रोलोफिसेन, चीफ कारपोरेट रिपोर्टिंग व स्ट्रैटेजिक फाइनांस राघव सूद, थाइलैंड प्लांट के वाइस प्रेसिडेंट फाइनांस सह सीएफओ संजय श्रीवास्तव, हेड यूके एक्जीक्यूटिव ऑफिस स्टीफन बारले इस काउंसिल के सदस्य होंगे.




