
जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा जमशेदपुर को विकसित करने की योजना पर काम तेजी से कर रही है. इसके तहत जमशेदपुर की सड़कों का चौड़ीकरण किया जाना है. इसके अलावा साइकिल ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है. सोनारी एयरपोर्ट से लेकर सर्किट हाऊस गोलचक्कर तक प्रयोग के तौर पर साइकिल ट्रैक बनाया जा रहा है. वैसे इससे पहले टाटा पिगमेंट गेट के सामने भी साइकिल ट्रैक बनाने की कोशिश की गयी थी, लेकिन वहां साइकिल की संख्या काफी अधिक थी, जिस कारण वहां यह सफल नहीं हो पाया था. टाटा स्टील यूटिलिटीज के सीनियर जीएम धनंजय मिश्रा ने बताया कि कम साइकिल वाले एरिया में पहले विकसित किया जा रहा है ताकि लोगों को साइकिल चलाने का आनंद भी आये और दुर्घटनाओं को भी रोका जा सके. टाटा स्टील के वीपी सीएस चाणक्य चौधरी ने बताया कि टाटा स्टील चाहती है कि सड़कों को और सुरक्षित बनाया जाये. इसके तहत डिवाइडर के बीच दो लेन में सड़कों को बनाया जा रहा है. जमशेदपुर को विकसित करने के लिए खास तौर पर इस तरह के काम किये जा रहे है. उन्होंने बताया कि कोरोना काल में घाटे के बीच टाटा स्टील मे सर दोराबजी टाटा पार्क बनाया. बिष्टुपुर पब्लिक स्कवैयर बनाया गया. घाटे के बीच ही जो पुरानी योजनाएं है, उसको धरातल पर उतारा गया. कंपनी कभी भी शहर के विकास के साथ समझौता नहीं करती है. एक्सएलआरआइ के बगल में एक पार्क बनाया गया, जो एक नया प्रयोग है. उन्होंने बताया कि सड़कों से पुराने पेड़ों को हटाने के लिए एक आधुनिक मशीन भी लाया गया है, जो एक बार में जड़ से पेड़ों को उठाकर दूसरी जगहों पर शिफ्ट कर सकता है. पर्यावरण के दृष्टिकोण से यह काफी श्रेयस्कर साबित होता है. जमशेदपुर में नवल टाटा हॉकी स्टेडियम का निर्माण तार कंपनी इलाके में किया गया था, जिसके नये हॉस्टल को बनाया गया है, जिसको टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन समर्पित करेंगे.





