
जमशेदपुर : टाटा स्टील में 9 जनवरी से होने वाले कर्मचारी पुत्रों, पुत्रियों, दामाद, बहु की बहाली को रोक दी गयी है. कोरोना को लेकर झारखंड सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन के आधार पर कंपनी प्रबंधन ने परीक्षा को अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया है. आपको बता दें कि टाटा स्टील द्वारा कर्मचारियों के बच्चों की बहाली के लिए आवेदन आमंत्रित किये थे. ये आवेदन मैट्रिक पास लड़के लड़कियों के लिए मंगाये गये थे, जिसके लिए करीब 7800 आवेदन आ चुके है. इसको लेकर काफी लंबे समय से कोरोना के कारण परीक्षा नहीं हो पा रही थी. दिसंबर माह में जमशेदपुर प्रशासन ने कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए एक सेंटर में 500 आवेदकों को बैठाकर परीक्षा लेने की इजाजत दी थी. इसके लिए जमशेदपुर में 16 सेंटर बनाये गये थे और 9 जनवरी परीक्षा की तिथि निर्धारित की गयी थी. दो घंटे की इस परीक्षा में सौ सवाल पूछे जाते. लिखित परीक्षा और मेडिकल टेस्ट के बाद मेरिड के आधार पर रिजल्ट निकलता, जिसके तहत सूची से पहले साल प्रथम वरीयता के 175, दूसरे साल में 175 और तीसरे साल में 150 चयनित कर्मचारियों के बच्चों को ट्रेनिंग के बाद बहाल की जाती. इसके तहत 8778 रुपये छात्रवृति देने की बात कहीं गयी थी. अब सारे लोग परीक्षा की तैयारी में लगे थे, लेकिन अचानक से परीक्षा को स्थगित करने का आदेश निर्गत कर दिया गया है. कर्मचारियों के मैट्रिक पास बच्चों के लिए 2011 के बाद करीब 10 साल बाद यह बहाली निकली थी, जिसके लिए इतने आवेदन भी आये, लेकिन परीक्षा नही हो पाया. 9 जनवरी की तिथि तय की गयी थी, लेकिन अब कोरोना को लेकर लगाये गये मिनी लॉकडाउन के बाद एक बार फिर से परीक्षा को अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया गया है. अब नये सिरे से परीक्षा की तिथि की घोषणा होगी, तब तक कोई परीक्षा आयोजित नहीं होगी. दरअसल, 500 लोगों को एक परीक्षा केंद्र में बैठाना था. नया गाइडलाइन कहता है कि किसी भी स्थान पर 100 से ज्यादा लोग नहीं जुटेंगे. अगर एक केंद्र में 100 लोगों की परीक्षा ली जाती तो कम से कम 78 परीक्षा केंद्र की जरूरत होगी. ऊपर से कर्मचारियों की भी संख्या की जरूरत होती जो परीक्षा संचालित करते. इसको देखते हुए टाटा स्टील प्रबंधन ने मंगलवार को परीक्षा स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया. इसके तहत यह भी कहा गया है कि जो एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया है, वह एडमिट कार्ड ही भविष्य में जो परीक्षा की तिथि होगी, उसमें मान्य होगा. (नीचे देखे पूरी खबर)
कोरोना को देखते हुए टाटा स्टील में बायोमेट्रिक अटेंडेंस को रोका गया
दूसरी ओर, कोरोना को देखते हुए राज्य सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन को टाटा स्टील ने अपने कंपनी में लागू कर दी है. इसके तहत कर्मचारियों के बायोमेट्रिक अटेंडेंस को बंद कर दिया गया है. वीपी एचआरएम अतरई सान्याल ने इसको लेकर एक लिखित आदेश जारी किया है, जिसके तहत कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति कंपनी के किसी भी लोकेशन में बायोमैट्रिक अटेंडेंस नहीं बनायेगा. उनके गेट पास से ही सबको इंट्री मिलेगी. वैसे आदेश में सारे कर्मचारियों को कहा गया है कि वे लोग कोरोना के गाइडलाइन का पालन करें. मास्क पहनकर ड्यूटी करें, सामाजिक दूरी बनाकर रहे, हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें और सारे लोग टीका लेकर ही कंपनी में घुसे.














