जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित एक स्क्रैप टाल पर टाटा स्टील के सुरक्षाकर्मियों और एंटी इंक्रोचमेंट सेल ने संयुक्त रुप से जमशेदपुर पुलिस के साथ मिलकर छापामारी की. यह छापामारी बिष्टुपुर खरकई नदी के किनारे पर स्थित राजू जायसवाल के स्क्रैप टाल में मारी गयी. इस दौरान वहां से अतिक्रमण हटाने की योजना थी.(नीचे भी पढ़े)

लेकिन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के पहले जब जांच की गयी तो पाया गया कि टाटा स्टील के भीतर से चुराये गये फेरो नियोबियम और फेरो शाट्स वहां रखे गये है. चोरों द्वारा उक्त स्क्रैप टाल में बेचा जाता था. वहां से 30 किलो फेरो नियोबियम बरामद किया गया, जिसकी कीमत 59 हजार 400 रुपये है जबकि 22 किलो फेरो शाट्स बरामद किया गया, जिसकी कीमत 880 रुपये है. (नीचे भी पढ़े)
सारे सामानों को बिष्टुपुर पुलिस ने जब्त कर लिया. बरामद किये गये सामानों की कुल कीमत करीब 60280 रुपये बतायी जा रही है. इसके बाद टाटा स्टील के सुरक्षाकर्मियों ने मिलकर वहां से अतिक्रमण को हटाया. सीजी शीट से बनाये गये चाहरदिवारी को तोड़ा गया. उक्त एरिया को राजू जायसवाल को खाली करने को कहा गया है.













