जमशेदपुर : टाटा स्टील की शत प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी टाटा स्टील यूआइएसएल (पूर्व में जुस्को) के यूटिलिटी बिलिंग डिपार्टमेंट की क्वालिटी सर्किल टीम ‘रंकिणी’ ने 39वें सीआईआई झारखंड क्वालिटी सर्किल कन्वेंशन में उपविजेता का स्थान हासिल कर कंपनी और विभाग का गौरव बढ़ाया. यह राज्य स्तरीय कन्वेंशन 29 एवं 30 अक्टूबर को जमशेदपुर के साकची स्थित एक होटल में आयोजित किया गया. कन्वेंशन के दौरान टीम रंकिणी ने वार्षिक जल बिल संग्रह (वार्षिक वाटर बिल कलेक्शन) में सुधार विषय पर अपना केस स्टडी प्रस्तुत किया. टीम ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से जल बिल संग्रह प्रक्रिया में सुधार के प्रयासों और कार्यप्रणाली को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया. प्रस्तुति को पर्यवेक्षकों और उपस्थित श्रोताओं से सराहना मिली. वहीं, निर्णायक मंडली ने टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उसे उपविजेता के रूप में सम्मानित किया. (नीचे भी पढ़े)

टीम रंकिणी ने समन्वयक बिजय कुमार शर्मा के मार्गदर्शन और टीम लीडर डॉ. नीलिमा महतो के नेतृत्व में गुणवत्ता संवर्धन एवं कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास किए हैं. टीम के सदस्य डॉ. आशुतोष कुमार झा, गोविंद राजन, हृदय कुमार घोष, जितेंद्र कुमार ठाकुर और सुसाना लकड़ा भी इस उपलब्धि में सहभागी रहे. यूटिलिटीज बिलिंग डिपार्टमेंट के वरिष्ठ अधिकारियों का समय-समय पर मिला मार्गदर्शन भी टीम के प्रयासों को दिशा प्रदान करता रहा है. क्वालिटी सर्किल गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य कार्यस्थल पर गुणवत्ता की संस्कृति को बढ़ावा देना, प्रक्रियाओं में सुधार करना तथा सामूहिक प्रयासों के माध्यम से बेहतर परिणाम प्राप्त करना है. टीम रंकिणी की यह उपलब्धि इन्हीं उद्देश्यों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है. टीम की इस सफलता से टाटा स्टील यूआइएसएल के यूटिलिटी बिलिंग डिपार्टमेंट में हर्ष और गर्व का माहौल है. टीम रंकिणी की उपलब्धि को निरंतर सुधार, सामूहिक प्रयास और गुणवत्ता के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है.












