
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन को कोरोना के दौरान और बेहतर काम करने की अपील की गयी है. इस कड़ी में कमेटी मेंबर कोक प्लांट आरसी झा ने एक पत्र अध्यक्ष को लिखा है. इस पत्र में आरसी झा ने कहा है कि वे अध्यक्ष का ध्यान कोरोना महामारी से उत्पन्न परिस्थिति पर आकर्षित करना चाहते हैं. आज कोई भी परिवार इस समस्या से अछूता नहीं रह गया है. हमारी यूनियन का हर सदस्य किसी न किसी रूप में इससे प्रभावित है. इसके बावजूद हमारे मजदूरों ने हौसला नहीं खोया है और मजबूती से इस महामारी से लड़ रहे हैं और अपने कर्तव्य का पालन कर रहे हैं. आरसी झा ने कहा है कि टाटा स्टील कंपनी भी मजदूरों को इस महामारी से बचाने के लिए हर तरह की सुविधाएं मुहैया करा रही है. उनकी कार्यकारिणी के सभी सदस्य भी खुद कोरोना से लड़ते हुए अपने मजदूरों की हर सम्भव मदद कर रहे हैं. इस काम में सभी कमिटी मेम्बर एक दूसरे का सहयोग कर रहे हैं जो कि प्रसंशनीय है. कई कमिटी मेम्बर अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं से जुड़कर आम लोगों की मदद भी कर रहे हैं जो कि सराहनीय है. आरसी झा ने कहा है कि आज हमारी प्राथमिकता सभी को इस महामारी से बचाने की है. इस काम में जरूरतमंद लोगों को त्वरित मदद पहुंचाने की है. इस काम में हमारी कंपनी, सरकार एवं कई स्वयंसेवी संस्थाएं लगी हुई हैं. श्री झा ने अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु से अनुरोध किया है कि उनकी यूनियन की तरफ से एक कोरोना कंट्रोल रूम की स्थापना करें, जो 24×7 काम करे. यूनियन के कर्मचारी तीन शिफ्टों में काम कर इसे चला सकते हैं, जो यूनियन के पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में काम करे. उन्होंने कहा है कि वे लोग कुछ हेल्पलाइन नंबर जारी करें, जिससे मजदूरों एवं कमिटी मेम्बर जरूरत के समय तत्काल इस कंट्रोल रूम से सम्पर्क कर मदद एवं मार्गदर्शन ले सकें. इसके लिए तत्काल विचार कर इसको अमल में लाने की अपील की गयी है.














