
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के चुनाव के वोटर लिस्ट में 75 शिकायतें दर्ज करायी गयी है. किसी का निर्वाचन क्षेत्र बदल दिया गया है तो किसी की सदस्यता होने के बावजूद सूची में उनका नाम नहीं है. ऐसे लोगों ने शिकायत दर्ज करायी है. वोटर लिस्ट को लेकर आयी आपत्तियों का अध्ययन करने के बाद चुनाव पदाधिकारी संतोष सिंह और चुनाव समिति के तमाम छह सदस्य इसको लेकर गहन मंथन कर रहे है. शनिवार को वोटर लिस्ट का फाइनल प्रकाशन किया जायेगा. रिटर्निंग ऑफिसर (चुनाव पदाधिकारी) संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सभी की शिकायतों की जांच की जा रही है. जांच के बाद जो वाजिब होगा, उसमें संशोधन कर दिया जायेगा और शनिवार की शाम तक फाइनल सूची को जारी कर दी जायेगी. वोटर लिस्ट को लेकर जो शिकायतें आयी हैं उसमें नाम का न हो, नाम दूसरे सेक्शन में होने जैसी शिकायतें हैं. इस तरह की शिकायत को लेकर सिस्टम की जांच भी की जा रही है. आशंका है कि सिस्टम की गड़बड़ियों को लेकर ऐसी शिकायतें आयी है. इस संबंध में चुनाव पदाधिकारी डीओ एचआर से भी बात कर रहे हैं. उनसे जानकारी प्राप्त कर रहे हैं. उसके बाद ही फाइनल सूची को जारी किया जायेगा.






