
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के चुनाव का मसला अब रांची पहुंच चुका है. टाटा वर्कर्स यूनियन के चुनाव कराने के मसले पर 9 जून को टाटा वर्कर्स यूनियन के अधिकारियों और शिकायतकर्ताओं की अहम बैठक रांची में बुलायी गयी है. इस बैठक में सुनवाई भी होगी. श्रमायुक्त एसएस पाठक की ओर से इसको लेकर सुनवाई की नयी तिथि तय कर दी गयी है, जिसके तहत सुनवाई क रने की तैयारी की गयी है. टाटा वर्कर्स यूनियन के चुनाव में पूर्व अध्यक्ष पीएन सिंह के सहयोगी अनिल सिंह, सुनील सिंह और जे आदिनारायण ने अलग-अलग शिकायत दर्ज करायी है, जिसमें संजीव चौधरी टुन्नु समेत पूरी कमेटी के चुनाव को ही गलत करार दिया गया है. हालांकि, यह मामला अभी हाईकोर्ट में भी पेंडिंगं है. इस मसले की शिकायत के तहत अनिल सिंह ने कहा था कि संविधान के मुताबिक चुनाव नहीं कराया गया है. वहीं जे आदिनारायण की भी यहीं शिकायत थी. सुनील सिंह ने अपने निर्वाचन क्षेत्र को गलत तरीके से बनाने की शिकायत की थी जबकि अनिल सिंह और जे आदिनारायण ने बताया है कि चुनाव इतनी आनन-फानन में करायी गयी कि लोगों को कोई समय तक नहीं मिल पाया. इस शिकायत की जांच पहले डीएलसी के स्तर पर भी हुई थी. इस जांच में डीएलसी ने पाया था कि सुनील सिंह ने जो शिकायत अपने निर्वाचन क्षेत्र को लेकर किया था, उसकी शिकायत का निवारण भी कर दिया गया, जिसको लेकर चुनाव पदाधिकारी संतोष सिंह को धन्यवाद पत्र भी सुनील सिंह ने दिया था. इसके अलावा संविधान में यह तय है कि चुनाव की प्रक्रिया दो माह पहले कराने का नियम है जबकि कितने दिनों में कार्यक्रम तय होंगे, यह तय नहीं है, जिस कारण संविधान के विरुद्ध कोई काम नहीं हुआ है, ऐसी जानकारी डीएलसी ने साझा की है. इस रिपोर्ट पर भी आपत्ति जतायी गयी, जिसके बाद श्रमायुक्त ने रांची में 9 जून को सुनवाई करने के लिए बुलाया है. इसमें शिकायतकर्ता के साथ साथ यूनियन के पदाधिकारियों को बुलाया गया है.




