
जमशेदपुर : टाटा स्टील के कोल्ड रोलिंग मिल और सिंटर प्लांट के दो कर्मचारियों की कोरोना वायरस से मौत हो गई थी. लेकिन टाटा स्टील के फैमिली प्रोटेक्शन स्कीम का लाभ इन कर्मचारियों के परिजनों को नहीं मिल पाया था. इसको लेकर दोनों ही कर्मचारियों के परिवार काफी परेशान थे. कोल्ड रोलिंग मिल के एसपीएम सेक्शन के कैंसर पीड़ित कर्मचारी गुरमीत सिंह की मौत हो गई थी. उनके कैंसर से मृत्यु होना मानकर उनके परिवार को कोरोना वायरस फैमिली प्रोटेक्शन स्कीम के तहत लाभ नहीं मिल पाया था. इसी तरह टाटा स्टील के सिंटर प्लांट के कर्मचारी एके सवाई के परिवार को भी इस स्कीम का लाभ नहीं मिल पाया था. टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टून्नू, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह के प्रयासों के बाद इन दोनों कर्मचारियों के परिजनों को फैमिली प्रोटेक्शन स्कीम का लाभ दे दिया गया. गुरुवार को टाटा वर्कर्स यूनियन के सभागार में इन दोनों परिजनों के लोगों को फैमिली प्रोटेक्शन स्कीम के दस्तावेज सौंपा गए. इस मौके पर टाटा वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों के समक्ष परिजन रो पड़े. इन लोगों ने टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नू, महामंत्री सतीश सिंह और शैलेश सिंह के प्रति आभार जताया. टाटा वर्कर्स यूनियन के कोल्ड रोलिंग मिल के कमेटी मेंबर अश्विनी माथन ने इस मामले में काफी प्रयास किया था. उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि यह टाटा वर्कर्स यूनियन के सक्षम नेतृत्व का ही कमाल है कि दोनों परिवार के परिजनों को यह लाभ मिल पाया, जिसके लिए बतौर कमेटी मेंबर और कर्मचारी वे आभारी है.












