जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधिकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु लगातार कंपनी क्वार्टरों में हो रही चोरी को लेकर एक्शन मोड में आ गये है. सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में टाटा स्टील के कर्मचारी सुब्रतो दास के बंद क्वार्टर से लाखों रुपये की चोरी के मामले की सूचना मिलने के बाद अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु अपने सहयोगी कमेटी पारितोष कुमार के साथ भुग्तभोगी कर्मचारी से मिलने पहुंचे. उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया. आसपास के सीसीटीवी को देखा. राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास से आग्रह किया कि वे इस तरह के मामले में हस्तक्षेप करें ताकि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. वहीं, स्थानीय थाना की पुलिस से भी उन्होंने बातचीत की. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने टाटा स्टील प्रबंधन से भी आग्रह किया कि कंपनी के क्वार्टर क्षेत्र में सुरक्षा विभाग की रेगुलर गश्ती करायी जाये. वहीं, पुलिस से भी आग्रह किया कि पुलिस की गश्ती होती रहे. दिनदहाड़े इस तरह की घटना से कर्मचारी अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे है. (नीचे भी पढ़ें)

गौरतलब है कि सिदगोड़ा क्रॉस रोड 20 स्थित क्वार्टर नंबर एल4-11 में सुब्रतो दास रहते हैं. वह टाटा स्टील में कार्यरत हैं, जबकि उनकी पत्नी अंबिका दास पास के राम कृष्ण मिशन जूनियर स्कूल में शिक्षिका हैं. मंगलवार सुबह करीब सात बजे अंबिका दास स्कूल के लिए निकल गयीं. इसके बाद सुब्रतो दास भी करीब 7:40 बजे ड्यूटी पर चले गये. दोपहर करीब 12:30 बजे सुब्रतो दास लंच के लिए क्वार्टर पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि दोनों कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं. जांच करने पर करीब 50 लाख रुपये के जेवर और 20 हजार रुपये नकद गायब मिले. सुब्रतो दास ने बताया कि उनके बच्चे बाहर रहकर पढ़ाई करते हैं और क्वार्टर में उनकी बुजुर्ग मां रहती थीं. हालांकि, करीब एक सप्ताह पहले उनकी मां परसुडीह स्थित पैतृक घर चली गयी थीं. घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया.






