
जमशेदपुर : कोरोना की तीसरी लहर ओमिक्रॉन को लेकर सिविल डिफेंस टाटानगर ने रेलवे अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिक्षक और रेलवे के अन्य वरिष्ठ चिकित्सको के साथ टाटानगर रेलवे अस्पताल में रेल कर्मियों व उनके परिजनों के कोरोना से बचाव तथा संक्रमण पर काबू के उद्देश्य से पुनः दीर्घायु भव योजना का लोकार्पण किया। कोरोना संक्रमण को लेकर टाटानगर रेल अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 600 मरीजों की स्वास्थ जांच की जा रही है। प्रतिदिन मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। सिविल डिफेंस ने पूर्व की तरह पुन: दीर्घायु भव योजना जारी की है, जिसके अंतर्गत रेलकर्मी और उनके परिजन कोरोना संक्रमण की रिपोर्ट भेज कर दवा घर में ही मंगवा सकेंगे। सेवानिवृत रेल कर्मी परिवार भी इस योजना का लाभ ले सकते हैं। इस योजना का लोकार्पण टाटानगर रेलवे अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के कार्यालय में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ संतोष कुजूर, सिविल डिफेंस के इन्सपेक्टर संतोष कुमार के द्वारा किया गया। इस अवसर पर सहायक मुख्य चिकित्सक डॉ डोमिनिका टोपनो, सीनियर मंडल चिकित्सा अधिकारी मिस पॉली टाजेन, डॉ मुकेश कुमार के साथ कल्याण कुमार साहू, वी रामडू, टीएन पाण्डे, अनिल कुमार उपस्थित थे।













