
जमशेदपुर : उत्तर भारतीय यात्रियों को दक्षिण पूर्वी रेलवे से एक बार फिर निराशा हाथ लगी है। सोमवार 3 जनवरी से चलने वाली 18103 जालियांवाला बाग एक्सप्रेस को अगले आदेश तक के लिए रद्द कर दिया गया है। रेलवे के छोटे अधिकारी तो इस बारे में बोलने से कतरा रहे हैं परंतु रद्द किये जाने का कारण तकनीकी खामी और कोरोना के मामलों में वृद्धि बताई जा रही है। इधर रेलवे के इस मनमाने रवैया का विरोध झारखंड गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार शैलेंद्र सिंह ने किया है। उनके अनुसार उत्तर भारतीय खासकर पंजाब हरियाणा के यात्रियों को निराशा हाथ लगी है और वह इस बारे में रेलवे मंत्री अश्वनी वैष्णव एवं सांसद विद्युत वरण महतो से संपर्क साध कर स्थाई समाधान निकालने की कोशिश करेंगे। उनके अनुसार टाटानगर के यात्रियों के साथ पक्षपात हो रहा है। टाटानगर से जम्मू के लिए मुरी में लिंक जोड़ा जाता था। लिंक संबलपुर से जम्मू के लिए चल रही है। फिर क्या कारण है कि टाटानगर से लिंक ट्रेन नहीं खोली जा रही है।















