जमशेदपुर : टाटानगर आरपीएफ की टीम ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है. आरपीएफ ने ट्रेनों में एसी बोगी का टिकट कटा कर यात्रियों के सामानों की चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है. इस गिरोह के मुख्य सरगना बोकारो के पिंडराजोड़ा निवासी मोर नूर मोहम्मद को गिरफ्तार किया. आरपीएफ ने चोरी के सारे सामान को भी जप्त किया है. रांची नामकुम के रहने वाले दीपक कुमार हावड़ा हटिया रांची एक्सप्रेस ट्रेन से सफर कर रहे थे. इसी बीच उनकी लैपटॉप वाला बैग चोरी हो गया. (नीचे भी पढ़ें)

बैग में लैपटॉप के अलावा मोबाइल समेत अन्य बहुमूल्य सामान्य थे. इस मामले में रांची के रेलवे पुलिस थाने में एक केस दर्ज किया गया जिसके बाद इसको टाटानगर आरपीएफ और जीआरपी में ट्रांसफर कर दिया गया. इस बीच 16 जुलाई को टाटानगर स्टेशन के सेकंड क्लास वेटिंग हॉल से एक मोबाइल की चोरी हो गयी. जब आरपीएफ ने सारे सीसीटीवी को खंगाला तो रांची की घटना और टाटानगर स्टेशन की घटना में एक ही चेहरा दिखा जो सामान की चोरी कर रहा था. इसके बाद सर्विलांस टीम ने उस मोबाइल का लोकेशन लिया जिसके बाद उसको बांकुड़ा से गिरफ्तार कर लिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
उसने बोकारो के चंदनकियारी निवासी अश्विनी कुमार दास को 3 मोबाइल और लैपटॉप बेचा था जिसको वहां से जप्त कर लिया गया. इसके अलावा उसने अपने भगना इरफान अंसारी को एप्पल का लैपटॉप दिया था जिसको बरामद किया गया. आरपीएफ ने दोनों को भी गिरफ्तार किया. इन तीनों के पास से करीब सवा तीन लाख रूपये मूल्य के चोरी के सामान जप्त किए गए हैं. इस पूरे कांड के उद्भेदन में आरपीएफ और जीआरपी की पुलिस से संयुक्त रूप से काम कर रही थी.




