जमशेदपुर : टाटानगर आरपीएफ पोस्ट की पुलिस ने ट्रेन में यात्रियों से मोबाइल की चोरी करके भागते हुए जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के न्यू बारीडीह फौजा बगान निवासी विशाल नाग को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से चोरी का विवो मोबाइल भी बरामद किया गया है. बताया जाता है कि मोबाइल का चोरी करने के बाद रात्री करीब 12 बजे के आसपास उक्त व्यक्ति को आरपीएफ ने रोका और उससे पूछताछ की. वह संतोषजनक उत्तर नहीं दिया तो उसकी तलाशी ली गयी. इसके बाद उसके पास से विवो मोबाइल बरामद किया गया. वह मोबाइल उसका नहीं था, यह उसने ही बताया. इसके बाद छानबीन की गयी. यह पाया गया कि उक्त मोबाइल मनीष कुमार विमल नामक व्यक्ति का है, जो बिहार के नवादा का रहने वाला है, जिसकी मोबाइल चोरी होने का केस जीआरपी थाना टाटनगर में दर्ज किया गया था. इसी मोबाइल की चोरी कर निकलते वक्त पुलिस ने विशाल नाग को धर दबोचा. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.













