
चाईबासा : शीतला अष्टमी का पर्व सोमवार को श्रद्धा भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर माताओं ने अपने पुत्र, पुत्रियों की लंबी उम्र और बेहतर स्वास्थ्य के लिए व्रत रखा और शीतला माता की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर शीतला माता को शीतल खाद्य पदार्थों का भोग लगाया गया। सुबह से ही शीतला माता मंदिर में महिलाओं की भीड़ नजर आई। मगर सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंधन न हो इसलिए सभी भक्तों से प्रसाद को मंदिर कमेटी द्वारा लेकर पूजा करायी गयी। आरती व पूजा के समय भी सामाजिक दूरी बना कर रखी गई। प्रसाद का वितरण भी दूरी बना कर किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओ ने भी संयम से काम लिया। पंडित अवध किशोर मिश्रा के अनुसार आयुष्य, अरोग्य और परिवार की सुख समृद्धि के लिए इस दिन शीतला माता की पूजा और ठंडे भोजन के भोग का विधान है। यह एक धार्मिक परम्परा तो है ही साथ ही इसका वैज्ञानिक आधार भी है। इस समय ऋतु परिवर्तन होता है और एेसे में संक्रमण के कारण होने वाले कई रोगों से बचाव के लिए भी यह उपयोगी है। मौके पर पुजा कमिटि के अध्यक्ष मनोज निषाद, उपाध्यक्ष धनश्याम साहनी, कोषाध्यक्ष टिंकु निषाद, सचिव रंजित साहनी, विक्की निषाद, बजरंगी निषाद, मंटु निषाद, सुरज साव, रमेश साव सहित अन्य मौजुद थे।















