जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के भाटिया बस्ती मोहन पथ की रहने वाली युवती ज्योति रागी को जान से मारने की धमकी मिली है. ज्योति रागी ने मंगलवार को मामले की शिकायत डीएसपी हेडक्वार्टर टू कमल किशोर से की. डीएसपी कमल किशोर ने पीड़िता को सोनारी थाना भेज दिया है और कहा है कि सोनारी थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराएं. ज्योति ने डीएसपी को बताया कि सोनारी का रहने वाला शिबू बारीक उर्फ छोटू उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है और वह वीडियो कॉल करके पिस्टल और गोली भी दिखाता है.(नीचे भी पढ़े)
ज्योति इवेंट का काम करती है डेढ़ साल पहले उसकी पहचान शिबू बारीक से हुई थी. शिबू ने उसे शादी का झांसा दिया और अपने साथ रखा. युवती ने बताया कि शिबू उसके घर भी आया था और परिजनों को भी धमकी दी. ज्योति का कहना है कि शिबू मादक पदार्थ का धंधा करता है. यह जानकारी जब युवती को हुई तो वह उससे अलग होना चाहती थी. लेकिन शिबू ने उसे आदर्श नगर स्थित अपने फ्लैट में बंधक बना लिया था और मोबाइल भी छीन लिया था. दो दिन पहले ही वह किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंची है.





