
सरायकेला : जिला की आदित्यपुर पुलिस ने पिछले शनिवार को भाटिया बस्ती में हुई तलवारबाजी मामले का खुलासा करते हुए घटना के मुख्य अभियुक्त आशीष पाठक सहित तीन अपराधकर्मियों को घटना में प्रयुक्त तलवार और चापड़ के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गौरतलब है कि भाटिया बस्ती के व्यवसाई नीरज कुमार गुप्ता पर अपराधियों द्वारा पिछले 1 सप्ताह से जानलेवा हमला किया जा रहा है. इसी क्रम में कल भी अपराधियों ने उन पर तलवार से जानलेवा हमला किया था. जिसके बाद बस्ती वासी आक्रोशित हो उठे थे. जहां हजारों की संख्या में लोगों ने सड़क पर उतर कर अपराधियों को गिरफ्तार किए जाने की मांग करते नजर आए. उधर जिले के एसपी मोहम्मद अर्शी मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराधियों को गिरफ्तार करने का निर्देश जारी किया जिसके बाद सरायकेला एसडीपीओ के नेतृत्व में सघन छापेमारी करते हुए मुख्य अभियुक्त आशीष पाठक, करण गोराई और अंगद कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. बताया जाता है कि आशीष पाठक पुराना हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ आदित्यपुर थाना में पूर्व से ही मामले लंबित हैं. जानकारी देते हुए सरायकेला एसडीपीओ राकेश रंजन ने बताया कि आशीष पाठक इलाके में दहशत फैलाकर नया गिरोह खड़ा करने की जुगत में था, यह घटना इसी की एक कड़ी है. वैसे उन्होंने क्षेत्र के लोगों को ऐसे किसी भी अपराधियों को संरक्षण ना देने की अपील की है. उन्होंने बताया कि जिला पुलिस ऐसे अपराधियों से निपटने में सक्षम है.















