चाईबासा : जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मदांगजाहीर चेड़ेगुटु कमरगढ़ा से करीब 28 वर्षीय अज्ञात युवती का शव पत्थर से बाँधकर पानी में डुबे अवस्था में सोनुवा पुलिस ने बरामद किया था। इस संबंध में ग्रामीण मुण्डा संतोष कुमार बोबोंगा के लिखित आवेदन के आधार पर सोनुआ थाना में मामला दर्ज किया गया था। अनुसंधान के क्रम में उक्त अज्ञात युवती की पहचान सरस्वती टुडू के रूप में हुई थी, जो मनोहरपुर थानांतर्गत डुमरिता ग्राम निवासी सहराय टुडू की पुत्री थी. गत 4 जुलाई को गुप्त सूचना के आधार पर बिरुत मांझी से पूछताछ करने पर उसने काण्ड में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसका मृतिका से करीब चार वर्ष पूर्व से ही प्रेम संबंध था। 19 जून को मृतिका सोनुआ आकर प्रेमी बिरुत मांझी से मिली तथा शादी करने की जिद कर रही थी। लेकिन अभियुक्त बिरुत माझी शादी करना नहीं चाहता था, जिस कारण उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने के लिए पूर्व नियोजित योजना के तहत मदांगजाहीर चेड़ेगुटु कमरगढ़ा में ले जाकर खेत के पानी में डुबोकर हत्या कर दी तथा शव को छुपाने के अपने सगे भाई मोहन लाल मांझी के सहयोग से पत्थर बांध कर पास में स्थित पानी से भरे गड्ढे में डाल दिया। पुलिस ने बताया है कि दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।









