जमशेदपुर : टाटा स्टील ने कोलकाता में आयोजित ग्रैंड फिनाले में अपने प्रमुख वार्षिक बी-स्कूल बिजनेस चैलेंज, स्टील-ए-थॉन के 13वें सीजन के विजेताओं की घोषणा की. ‘शेपिंग टुमॉरो’ थीम पर आधारित इस संस्करण में अब तक की सर्वाधिक भागीदारी दर्ज की गई, जिसमें 12,700 से अधिक पंजीकरण हुए. यह प्रतियोगिता छात्रों को वास्तविक व्यावसायिक चुनौतियों पर काम करने और टाटा स्टील के नेतृत्व से मार्गदर्शन प्राप्त करने का अनूठा अवसर प्रदान करती है. 13वें सीजन में तीन रणनीतिक विषयों शेपिंग टुमॉरोज ग्रोथ (मार्केटिंग एवं सेल्स), शेपिंग टुमॉरोज वैल्यू चेन (सप्लाई चेन एवं प्रोक्योरमेंट) और शेपिंग टुमॉरोज वर्कफोर्स (ह्यूमन रिसोर्सेस ) पर प्रतियोगिता आयोजित की गई. प्रतियोगिता के तहत कुल 18 बिजनेस केस स्टडी प्रस्तुत किए गए, जिनमें टाटा स्टील नेदरलैंड्स और टाटा स्टील यूके की चुनौतियां भी शामिल थीं. इससे प्रतिभागियों को विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों के व्यावसायिक परिप्रेक्ष्य को समझने का अवसर मिला. इस संस्करण में एमबीए के प्रथम और द्वितीय वर्ष, दोनों के छात्रों ने भाग लिया. शेपिंग टुमॉरोज ग्रोथ श्रेणी में डीएमएस, आईआईटी दिल्ली की टीम ‘सेपियंस’ विजेता रही. आईआईएम कोझिकोड की टीम ‘माइंड्स ऑफ स्टील’ ने दूसरा और एक्सएलआरआई जमशेदपुर की टीम ‘टीम इन द नॉर्थ’ ने तीसरा स्थान हासिल किया. शेपिंग टुमॉरोज वैल्यू चेन श्रेणी में एसजेएमएसएम, आईआईटी बॉम्बे की टीम ‘द इनफैलिबल्स’ विजेता रही. आईआईएम कोझिकोड की टीम ‘ए स्क्वायर’ दूसरे और एक्सआईएम भुवनेश्वर की टीम ‘फेरो-सियस’ तीसरे स्थान पर रही. शेपिंग टुमॉरोज वर्कफोर्स श्रेणी में एमडीआई गुरुग्राम की टीम ‘फ्यूचरिस्ट्स’ विजेता रही. (नीचे भी पढ़ें)
इसी संस्थान की टीम ‘टीम अनटैंगल’ ने दूसरा और आईआईएम कोझिकोड की टीम ‘वी शैल पर्सिवियर’ ने तीसरा स्थान प्राप्त किया. टाटा स्टील के ग्रुप स्ट्रैटेजिक प्रोक्योरमेंट एवं बिजनेस एक्सीलेंस के वाइस प्रेसिडेंट पीयूष गुप्ता ने कहा कि स्टील उद्योग का भविष्य केवल बोर्ड रूम में बैठकर तय नहीं होगा. इसे ऐसे लोग आकार देंगे, जो किसी समस्या को व्यवसाय, ग्राहक, आपूर्तिकर्ता या कर्मचारी के नजरिए से समझने की क्षमता रखते हैं. इस संस्करण में हमें ठीक यही देखने को मिला. 13 साल पहले शुरू हुई स्टील-ए-थॉन हमारे लिए प्रतिभाओं की तलाश के साथ-साथ सीखने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम रही है. मैं उन सभी छात्रों और टीमों का आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने टाटा स्टील द्वारा तैयार किए गए केस स्टडी में दी गई व्यावसायिक चुनौती को अपनी चुनौती समझकर स्वीकार किया. मुझे उम्मीद है कि इनमें से कई प्रतिभाएं भविष्य को आकार देने में हमारे साथ योगदान देंगी. इस वर्ष की प्रतियोगिता में कई नए पहलुओं को शामिल किया गया। तकनीक आधारित टीम प्रतियोगिता बिजनेस कैपेबिलिटी राउंड के माध्यम से प्रतिभागियों की व्यावसायिक समझ, विश्लेषणात्मक सोच, समस्या समाधान और निर्णय लेने की क्षमता का आकलन किया गया. दो सदस्यों वाली टीम का नया प्रारूप लागू किया गया, जिससे आपसी सहयोग को बढ़ावा मिला. वहीं, नए एग्जीक्यूटिव केस प्रेजेंटेशन एवं स्ट्रैटेजी शोकेस राउंड ने प्रतिभागियों को टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष अपने समाधान विकसित करने और प्रस्तुत करने का अवसर दिया. चरणबद्ध और सुव्यवस्थित मूल्यांकन प्रक्रिया के माध्यम से शुरुआत में शामिल 12,700 से अधिक छात्रों में से 125 टीमें प्री-फिनाले तक पहुंचीं और अंततः तीनों श्रेणियों में 19 टीमें राष्ट्रीय फाइनलिस्ट के रूप में चुनी गईं. (नीचे भी पढ़ें)
प्रत्येक फाइनलिस्ट टीम को टाटा स्टील की केस डेवलपमेंट टीम से एक समर्पित मेंटर भी नियुक्त किया गया, जिसने ग्रैंड फिनाले से पहले उनके समाधानों को और बेहतर बनाने में मार्गदर्शन दिया. ग्रैंड फिनाले में फाइनलिस्ट टीमों ने टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारियों की जूरी के समक्ष अपने समाधान प्रस्तुत किए. जूरी में टाटा स्टील के वीपी ग्रुप स्ट्रैटेजिक प्रोक्योरमेंट एवं बिजनेस एक्सीलेंस पीयूष गुप्ता, वीपी मार्केटिंग एंड सेल्स आशीष अनुपम, वीपी सप्लाइ चेन प्रभात कुमार और चीफ एचआर रॉ मैटेरियल एंड इनेबलिंग फंक्शंस राजेश चिंतक शामिल थे. 13वें सीजन में पुरस्कार श्रेणियों का भी विस्तार किया गया. पहले से मौजूद विजेता और उपविजेता श्रेणियों के साथ तीनों श्रेणियों में तीसरे स्थान (सेकंड रनर-अप) की एक नई श्रेणी शुरू की गई. निर्धारित पात्रता मानदंडों के अधीन, संबंधित स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के लिए नकद पुरस्कार के साथ प्री-प्लेसमेंट ऑफर (पीपीओ) और प्री-प्लेसमेंट इंटरव्यू (पीपीआई) के अवसर भी निर्धारित किए गए. इस संस्करण में कैंपस एक्सीलेंस अवॉर्ड्स की भी शुरुआत की गई, जिसके माध्यम से व्यक्तिगत टीमों की उपलब्धियों के साथ-साथ संस्थानों के योगदान को भी सम्मानित किया गया. सर्वाधिक भागीदारी के लिए एक्सआईएम भुवनेश्वर को कैंपस कैटालिस्ट अवॉर्ड, प्रतियोगिता में कई स्थानों पर पुरस्कार जीतने के लिए एमडीआई गुरुग्राम को टैलेंट पावरहाउस अवॉर्ड और प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट समग्र प्रदर्शन के लिए आईआईएम कोझिकोड को समिट ऑफ एक्सीलेंस अवॉर्ड प्रदान किया गया. प्रतियोगिता के अलावा, इस संस्करण के माध्यम से मेंटरशिप, बिजनेस लीडर्स के साथ संवाद और टाटा स्टील में संभावित करियर अवसरों के जरिए उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच जुड़ाव को भी मजबूत किया गया. इन नई पहलों के साथ, स्टील-ए-थॉन का 13वां सीजन एक पारंपरिक केस-आधारित प्रतियोगिता से आगे बढ़कर भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों के लिए तैयार प्रबंधन प्रतिभाओं की पहचान करने, उनकी क्षमताओं का आकलन करने और उन्हें जोड़ने का एक व्यापक मंच बनकर उभरा. साथ ही, इसमें भाग लेने वाले शिक्षण संस्थानों के योगदान को भी मान्यता दी गई.












