
चाईबासा : बुधवार अहले सुबह जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हाटगम्हरिया-जैंतगढ़ मुख्य मार्ग के बिंदसाई में आयरन ओर से लदा एक दस चक्का ट्रक एक पेड़ से टकरा गया. इस दुर्घटना में ट्रक के परखच्चे उड़ गये, जबकि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना कि सूचना पाते ही जगन्नाथपुर थाना के सअनि उमेश प्रसाद दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन में जुट गये. इसके साथ ही घायल चालक को इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया. बताया जाता है कि चालक की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है. मालूम हो चालक बगैर खलासी के गाड़ी चला रहा था. ज्ञात हो की बुधवार की सुबह हाटगम्हरिया-जैंतगढ़ सड़क पर अनियंत्रित वाहन सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा टकराया. (नीचे भी पढ़ें)

इस घटना में ट्रक का चालक पुरुलिया निवासी सलीम अंसारी गम्भीर रुप से घायल हो गया. ट्रक पेड़ से टकराकर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है. साथ ही ट्रक के चक्के भी बाहर निकल गये. उसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से जगन्नाथपुर पुलिस को घटना की सूचना दी गई. पुलिस पदाधिकारियों ने तुरन्त 108 एम्बुलेंस को बुलाकर घायल चालक को एम्बुलेंस में बैठाकर सदर हॉस्पीटल चाईबासा बेहतर उपचार के लिए भेजवा दिया. मिली जानकारी के अनुसार ट्रक का चालक सलीम अंसारी आयरन ओर लेकर बड़बिल से टाटा ओर जा रहा था. तभी करंजिया गांव के बिंदसाई के समीप चालक को झपकी आ गई और चालक ने अपना संतुलन खो दिया. ट्रक सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गया। बताया जा रहा है कि इस घटना में चालक के पैर और हाथ में गम्भीर चोटें आयी हैं. वहीं ट्रक मालिक बड़बिल निवासी बताया जा रहा है.






