चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू-हिलटॉप मुख्य मार्ग पर मैगजीन के समीप देर शाम हुए सड़क हादसे में हिलटॉप डाकघर के पोस्टमास्टर काली चरण माझी की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मोटरसाइकिल पर सवार सीआईएसएफ जवान राउतु मरांडी गंभीर रूप से घायल हो गए.जानकारी के मुताबिक, काली चरण माझी और सीआईएसएफ जवान राउतु मरांडी मोटरसाइकिल से किरीबुरू बाजार आए थे. बाजार का काम पूरा करने के बाद दोनों हिलटॉप स्थित अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान मैगजीन के समीप मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ने से दोनों दुर्घटनाग्रस्त हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सेल अस्पताल, किरीबुरू पहुंचाया गया.अस्पताल में पोस्टमास्टर की गंभीर स्थिति को देखते हुए सीएमओ डॉ. नंदी जिराई, डॉ. पी.आर. सिंह और चिकित्सा टीम ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया. चिकित्सकों ने सीपीआर भी दिया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. (नीचे भी पढ़े)
वहीं, हादसे में घायल जवान राउतु मरांडी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए राउरकेला स्थित इस्पात जनरल अस्पताल (आईजीएच) रेफर कर दिया गया.घटना की सूचना मिलने पर सीआईएसएफ के उप समादेष्टा मयूर एंगले अन्य अधिकारियों और जवानों के साथ अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायल जवान को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और राउरकेला भेजने की व्यवस्था में सहयोग किया. पोस्टमास्टर काली चरण माझी की असामयिक मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनके पीछे पत्नी और एक छोटा बेटा हैं. घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है.












