चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित पठारी जंगलों में नक्सल विरोधी अभियान चला रहे झारखंड पुलिस, जगुआर, कोबरा बटालियन एवं सीआरपीएफ की संयुक्त टीमों को बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है. सुरक्षा बलों ने विगत 13 अप्रैल से जराइकेला थानांतर्गत वन ग्राम बाबूडेरा एवं लुइया क्षेत्रों में सघन अभियान चलाते हुए सुरक्षा बलों को लक्षित कर पूर्व में लगाये गए कुल 7 शक्तिशाली आइईडी विस्फोटक बरामद करने के साथ ही 11 बड़े नक्सली बंकर भी पकड़े. सुरक्षा की दृष्टि से जहां विस्फोटकों को वहीं नष्ट करा दिया गया, वहीं सारे बंकरों को भी सुरक्षा कर्मिोयों ने ध्वस्त कर दिया. सुरक्षा बलों ने वहां रखे नक्सलियों के उपयोग के अन्य सामान उनके दैनंदिन प्रयोग की वस्तुएं भी बरामद की हैं. (नीचे भी पढ़ें)

मिली जानकारी के अनुसार जिला पुलिस, झारखंड जगुआर, कोबरा बटालियन एवं सीआरपीएफ के जवानों की संयुक्त टीमों ने विगत 13 अप्रैल को जराइकेला थानांतर्गत बाबूडेरा वन ग्राम के आसपास सर्च अभियान शुरू किया था. (नीचे भी पढ़ें)

इसी क्रम में सुरक्षा बलों ने वहां ग्यारह नक्सली बंकरों का पता लगाया. सुरक्षा बलों ने इन सभी बंकरों को ध्वस्त करा दिया. इसके साथ ही सुरक्षा बलों ने अभियान के दौरान 15 किलो का एक, 10 किलो के दो, 5 किलो के 2 एवं 4 किलो के दो शक्तिशाली आइईडी विस्फोटक बरामद किये. सुरक्षा की दृष्टि से उक्त विस्फोटकों को वहीं नष्ट करा दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सली ठिकानों से प्रिंटर, दो बैटरी, कारतूस, लेथ मशीन, पाइप, तार एवं नक्सलियों के दैनिक उपयोग की ढेर सारी सामग्रियां भी बरामद की गईं.
बताते चलें कि झारखंड के डीजीपी ने अभी कल ही नक्सल प्रभावित थलकोबाद पहुंच कर क्षेत्र में अभियान चला रहे सुरक्षा बलों के साथ बैठक कर उनसे अभियान में और भी तेजी लाने के निर्देश दिये थे. उनके वहां से वापस लौटते ही सुरक्षा बलों ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. सुरक्षा अधिकारियों ने एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि नक्सलिय़ों के विरुद्ध उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा.



