रामगोपाल जेना/चाईबासा : आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी का मझगांव विधानसभा क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित हुआ. कुमारडुंगी डाक बंगला में आयोजित इस सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया. सम्मेलन का संचालन मंडल महामंत्री विनय दास के द्वारा किया गया. आत्मनिर्भर संकल्प अभियान के जिला संयोजक प्रताप कटियार ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत को बनाने के लिए हम सभी को संकल्प लेना है और यह संकल्प तब पूरा होगा जब हम स्वयं आत्मनिर्भर होंगे हमें रोजगार की ऐसी व्यवस्था में काम करना है कि जिसमें हमारे क्षेत्रीय एवं स्थानीय बाजार हो. यदि बाजार नहीं है तो समाज की क्षमता का और समाज की एकता का ग्राम सभा की व्यवस्था के रोजगार का सृजन करना होगा. हमारी केंद्र की सरकार कौशल विकास प्रशिक्षण के माध्यम से लोगों को युवाओं को आत्मनिर्भर होने की क्षमता दे रही है और व्यापार को सृजन करने के लिए स्टार्टअप इंडिया के तहत मुद्रा व्यवस्था हो रही है. आज हमारी माताएं-बहनें स्वयं सहायता समूह के साथ जुड़कर आत्मनिर्भर भी हो रही हैं और स्वरोजगार भी कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)

प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गगराई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश को आत्मनिर्भर बनाते हुए देश के समाज के अंतिम पायदान पर जीवन यापन करने वाले लोगों को रोजगार से जोड़ने लिए भी योजनाएं चलाई जा रही हैं. आज हमारे भारत देश की अर्थव्यवस्था इतनी मजबूत है कि अन्य देश हमसे व्यापारिक समझौता करने के लिए दो कदम आगे बढ़कर आ रहे हैं. विश्व बाजार में हमारे देश का बाजार काफी अच्छा है और हमारे स्वदेश में निर्मित वस्तुओं का भी निर्यात विदेश में हो रहा है. आज हमारे देश में निर्मित स्वदेशी वस्तुओं में पतंजलि का योगदान है और श्रीश्री रविशंकर के द्वारा स्वदेशी वस्तुओं का उत्पादन किया जा रहा है, वह भी काफी उपयोगी और प्रभावी है. इन वस्तुओं का हम सभी को अधिक से अधिक उपयोग करना है और देश को स्वावलंबन की ओर आगे बढ़ाना है. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्य अतिथि जेबी तुबिद ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, स्वावलंबी भारत अभियान के तहत हमें गांव-गांव में जाकर किसान, महिला, युवा एवं छोटे उद्योगों को स्वदेशी वस्तुओं को क्रय-विक्रय के लिए प्रेरित करना है. हमारे दैनिक जीवन में हम कई ऐसी वस्तुओं का प्रत्येक दिन प्रयोग करते हैं जो विदेशों में बनी होती हैं. ऐसी वस्तुओं को हमें अपने घरों से बाहर निकाल कर स्वदेशी वस्तुओं को रखना है, क्योंकि परिवर्तन अपने घर से ही करने से सफल होगा. आज देश सैन्य शक्ति में आत्मनिर्भर ही नहीं बल्कि निर्यातक देश भी बन गया. ऑटोमोबाइल क्षेत्र में भी हम कई देशों में अपने उत्पादों का निर्यात कर रहे हैं, जिसका हमारी अर्थव्यवस्था पर व्यापक प्रभाव पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि देश का सर्वांगीण विकास तभी हो सकता है जब हम अर्थव्यवस्था से मजबूत होंगे और हमारे देश वासी आत्मनिर्भर हो जाएंगे. (नीचे भी पढ़ें)
सम्मेलन को युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष चंद्र मोहन तियू, वरिष्ठ कार्यकर्ता वशिष्ठ प्रधान ने भी संबोधित किया. सम्मेलन में घनश्याम पाटपिंगुआ, बेबी सिंपल, पीतांबर रावत, हरिश्चंद्र केसरी, मरचू बोदरा, खगेश्वर रावत, सुमन प्रधान, महेंद्र हेस्सा, अशोक तुम्बिल, जगदीश नायक, रामदेव पिंगुआ, डमरूधर बारिक, अमरजीत कुमार, किरण नायक, सचिन नायक, कांग्रेस माझी, श्याम पिंगुआ, लक्ष्मण पिंगुआ समेत अनेक समर्पित कार्यकर्ता शामिल रहे.














